नालंदा में 2024 जैसी स्थिति से बचने की तैयारी, हरनौत में तटबंध बचाने के लिए हजारों सैंड बैग तैयार, जल संसाधन विभाग अलर्ट

बोरे में रखा हुआ बालू
Harnaut Monsoon Preparations : मानसून की आहट के साथ ही हरनौत में जल संसाधन विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया है. संभावित बाढ़ और आपदाओं से निपटने के लिए अभी से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं. सैंड बैग तैयार कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्टॉक किया जा रहा है.
Harnaut Monsoon Preparations : मानसून के आगमन को देखते हुए हरनौत में जल संसाधन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है. संभावित बाढ़ और दहार जैसी आपदा से निपटने के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. हरनौत प्रखंड में बालू से भरे सैंड बैग तैयार कर उन्हें रिजर्व रखने का काम तेज गति से चल रहा है.
तटबंध और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा पर विशेष फोकस
नदी के बहाव को नियंत्रित करने, मिट्टी के कटाव को रोकने और बाढ़ की आपात स्थिति से निपटने के लिए कमजोर और संवेदनशील तटबंधों के आसपास हजारों सैंड बैग जमा किए जा रहे हैं. हरनौत-सकसोहरा टू लेन (राष्ट्रीय राजमार्ग 31ए) पर अलीनगर मोड़ के पास करीब एक दर्जन मजदूर जल संसाधन विभाग की देखरेख में बालू से बोरियां भरकर मशीन से उनकी सिलाई कर रहे हैं. इसके बाद इन सैंड बैग को सुरक्षित स्थानों पर स्टॉक किया जा रहा है.
2024 की घटना से लिया गया सबक
अगस्त 2024 में अलीनगर मोड़ से पोआरी जाने वाली सड़क के पास पंचाने नदी में उफान आने से तटबंध अचानक टूट गया था. इसके कारण दुबे मिसाल चक खंधा सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी और पोआरी समेत अन्य गांवों का आवागमन बाधित हो गया था. नदी के पश्चिमी तटबंध की मिट्टी खिसकने से यह स्थिति बनी थी. हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई थी, लेकिन किसानों की धान की फसल बह गई थी. विभाग ने अगले ही दिन तटबंध की मरम्मत कर आवागमन बहाल कर दिया था.
एहतियात पहले की रणनीति पर काम
हर वर्ष मानसून के दौरान नदियों का जलस्तर बढ़ने से तटबंधों पर दबाव बढ़ जाता है. इसी को देखते हुए इस बार जल संसाधन विभाग पहले से ही सैंड बैग का पर्याप्त स्टॉक तैयार कर रहा है. विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नदी का दबाव बढ़ने पर तटबंधों को तत्काल सुरक्षा दी जा सके और किसी प्रकार की क्षति से बचाव हो.
बीडीओ ने क्या कहा
हरनौत के बीडीओ डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि बरसात को देखते हुए सभी संवेदनशील और कमजोर स्थानों पर कटावरोधी सामग्री के रूप में सैंड बैग रखे जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि विशेष आपदा से संबंधित जानकारी हरनौत की अंचलाधिकारी रीता कुमारी उपलब्ध कराएंगी.
Also Read : बिहारशरीफ अपडेट: देखें मॉडर्न अस्पताल का डॉक्टर रोस्टर और मंदिर की आरती का समय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










