सिलाव के दो गांवों में बंद घरों को चोरों ने बनाया निशाना, सोना-चांदी व नगदी समेत लाखों की चोरी
टूटा गोदरेज और बिखरा समान | Prabhat Khabar Network
सिलाव थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों ने लोगों को दहला दिया है. दुलरुआ बिगहा और भुई गांव में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों के जेवर, नगदी और संपत्ति पर हाथ साफ किया है. पुलिस जांच में जुटी है.
बिहारशरीफ. स्थानीय थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. थाना क्षेत्र के अलग-अलग दो गांवों में बंद घरों को चोरों ने निशाना बनाते हुए सोना-चांदी के जेवरात, नगद रुपये समेत लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. दोनों घटनाओं के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है. पीड़ित परिवारों के घर पहुंचने पर उन्हें चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस ने दोनों घटनास्थलों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा स्वान दस्ता और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया.
दुलरुआ बिगहा में करीब 15 लाख की चोरी
पहली घटना दुलरुआ बिगहा गांव में हुई. गांव निवासी संतोष पांडेय ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपने मकान का निर्माण कराया था और पूरा परिवार उसी मकान में रहता है. करीब तीन-चार दिन पहले परिवार के सभी सदस्य किसी रिश्तेदार के यहां चले गये थे. इसी दौरान मंगलवार को सूचना मिली कि उनके घर में चोरी हो गयी है.
सूचना मिलने के बाद जब वे घर पहुंचे तो घर का सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त मिला. उन्होंने बताया कि चोरों ने घर में रखे गोदरेज, अलमारी और बक्से का ताला तोड़ दिया था. कपड़े और अन्य सामान कमरों में इधर-उधर फेंके हुए थे. घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगद रुपये समेत करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की बात उन्होंने बतायी. घटना के बाद परिवार के लोगों में भय और चिंता का माहौल है.
भूई गांव में तीन लाख की संपत्ति चोरी
दूसरी घटना भुई गांव में हुई. गांव निवासी सुधीर कुमार ने बताया कि उनका परिवार इसी मकान में रहता है. काम के सिलसिले में उन्हें तीन-चार दिनों के लिए बाहर जाना था. परिवार के लोग मकान बंद कर दूसरे स्थान पर चले गये थे. मंगलवार को जब वे वापस लौटकर मकान खोलने पहुंचे तो घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला.
जांच करने पर पता चला कि चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगद रुपये लेकर फरार हो गये हैं. उन्होंने चोरी गयी संपत्ति की कीमत करीब तीन लाख रुपये बतायी है.
स्वान और फोरेंसिक टीम ने जुटाये साक्ष्य
दोनों घटनाओं की सूचना पीड़ित परिवारों द्वारा सिलाव थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पीड़ित परिवार तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस द्वारा जांच के लिए स्वान दस्ते को भी बुलाया गया. इसके बाद फोरेंसिक टीम ने भी दोनों घटनास्थलों पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाये.
लगातार हो रही चोरी से लोगों में बढ़ी चिंता
सिलाव थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं होने से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन कहीं दुकान का ताला टूटने तो कहीं बंद मकान को चोरों द्वारा निशाना बनाये जाने की सूचना मिलती रहती है. इससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. कई दुकानदार सुबह दुकान खोलने से पहले बाहर लगे ताले को देखकर आश्वस्त होते हैं कि रात में कोई अनहोनी तो नहीं हुई.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना क्षेत्र में चोरी समेत कई आपराधिक घटनाएं सामने आने के बावजूद कई मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाती है. लोगों का कहना है कि पुलिस को चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात में गश्ती बढ़ाने के साथ-साथ पूर्व में हुई घटनाओं का भी जल्द उद्भेदन करना चाहिए. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए