नालंदा : निर्माण सामग्री चुराने दो ट्रैक्टर से पहुंचे बदमाश, एक पकड़ा गया; दूसरा फरार

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर से जब्त की गई ट्रैक्टर | Prabhat Khabar Network

Nalanda News : नालंदा के बिंद प्रखंड में एक पंचायत सरकार भवन के निर्माण स्थल से निर्माण सामग्री की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. देर रात चोरों ने दो ट्रैक्टरों से कीमती सामान चुराने का प्रयास किया, जिसमें एक चालक पकड़ा गया.

विज्ञापन

Nalanda News : नालंदा जिले के बिंद प्रखंड के जमसारी पंचायत के सतकपुर गांव के समीप निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन से निर्माण सामग्री की चोरी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है. यह वारदात रविवार की देर रात की बताई जा रही है. स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक ट्रैक्टर चालक को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा ट्रैक्टर चालक चोरी की गई कीमती निर्माण सामग्री को अपने वाहन पर लादकर भागने में सफल रहा.

आपके शहर में

विज्ञापन

गिरफ्तार किए गए ट्रैक्टर चालक की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव निवासी सुनील यादव के पुत्र सचिन कुमार के रूप में की गई है.

मुंशी और मजदूरों ने पकड़ा

संवेदक के मुंशी आशुतोष कुमार ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार की रात को वे खाना खाकर निर्माण साइट पर ही अन्य मजदूरों के साथ सोए हुए थे. इसी दौरान दो ट्रैक्टरों के साथ आए चोरों ने निर्माण स्थल से ट्रैक्टर पर छड़, डाइंग मशीन व अन्य जरूरी निर्माण सामग्री लोड करना शुरू कर दिया.

इसी बीच अचानक उनकी नींद खुल गई और चोर-चोर का शोर मचाने पर वहां सो रहे अन्य मजदूर भी जाग गए. पुलिस को आता देख एक चालक तो ट्रैक्टर समेत तुरंत फरार हो गया, जबकि दूसरा ट्रैक्टर चालू नहीं होने के कारण उसका चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, जिसे मजदूरों के सहयोग से खदेड़कर पकड़ लिया गया.

मामला दर्ज कर जांच शुरू

मजदूरों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर तुरंत इसकी आधिकारिक जानकारी स्थानीय पुलिस को दी. चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और चालक व ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया. थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने इस संबंध में बताया कि संवेदक की ओर से दो लोगों के खिलाफ नामजद आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

उन्होंने भरोसा जताया कि फरार आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और उसके साथ ही चोरी की गई सभी निर्माण सामग्रियों को भी सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा.

Also Read : पटना-भभुआ इंटरसिटी के एसी कोच में घुसे जनरल टिकटधारी यात्री, आरपीएफ-टीटीइ के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन