राजगीर मलमास मेला आधी रात को औचक निरीक्षण पर निकले कुंदन कुमार, ड्यूटी से नदारद 12 बड़े अधिकारियों पर गिरेगी गाज!
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 22 May 2026 7:52 PM
राजगीर के मलमास मेला की व्यवस्था का निरीक्षण करते डीएम कुंदन कुमार एवं अन्य
Rajgir News: राजगीर में चल रहे राजकीय मलमास मेला क्षेत्र में गुरुवार की देर रात डीएम कुंदन कुमार द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में बड़ी लापरवाही सामने आई है. मेले की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था ड्यूटी से 11 अलग-अलग विभागों के कुल 12 बड़े अधिकारी और कर्मी गायब पाए गए. डीएम ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी अनुपस्थित कर्मियों से शो-कॉज पूछते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और सेवामुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया है. निरीक्षण के दौरान डीएम ने ब्रह्मकुंड और टेंट सिटी का जायजा लेकर श्रद्धालुओं से फीडबैक भी लिया.
Rajgir News(रामविलास): बिहार के ऐतिहासिक और राजकीय मलमास मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और विधि-व्यवस्था को लेकर नालंदा जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है. गुरुवार की देर रात नालंदा के जिला पदाधिकारी (DM) कुंदन कुमार ने जब मेला क्षेत्र का औचक और व्यापक निरीक्षण किया, तो प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. रात के सन्नाटे में किए गए इस औचक निरीक्षण के दौरान मेला ड्यूटी में तैनात कई दंडाधिकारी (Magistrates), बड़े पदाधिकारी और कर्मी अपने निर्धारित कर्तव्य स्थल से गायब पाए गए. इस घोर लापरवाही पर बेहद कड़ी नाराजगी जताते हुए डीएम ने अनुपस्थित पाए गए 12 अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई और सेवामुक्ति (सस्पेंशन/बर्खास्तगी) की प्रक्रिया शुरू करने का कड़ा निर्देश जारी कर दिया है.
ब्रह्मकुंड से लेकर आवासन स्थलों तक पैदल घूमे DM, परखीं व्यवस्थाएं
देर रात शुरू हुए इस औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने खुद पैदल मार्च करते हुए मेला क्षेत्र के चप्पे-चप्पे का जायजा लिया. डीएम ने मुख्य मेला परिसर, पवित्र ब्रह्मकुंड क्षेत्र, वैतरणी क्षेत्र और तीर्थयात्रियों के ठहरने के लिए बनाए गए विभिन्न आवासन स्थलों (टेंट सिटी व धर्मशालाओं) की सुरक्षा और प्रशासनिक मुस्तैदी को बारीकी से परखा. निरीक्षण के दौरान डीएम ने तंबू और आवासन स्थलों में सो रहे और ठहरे हुए श्रद्धालुओं से सीधी बातचीत की. उन्होंने यात्रियों से पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का फीडबैक लिया और पूछा कि उन्हें यहाँ किसी प्रकार की दिक्कत तो नहीं हो रही है.
ड्यूटी से गायब मिले इन 12 अधिकारियों और कर्मियों की लिस्ट:
जांच के दौरान अति-संवेदनशील और महत्वपूर्ण पॉइंट्स पर प्रतिनियुक्त किए गए ये 12 अधिकारी और कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अपनी ड्यूटी से नदारद मिले:
सुश्री कविता कुमारी (बाल विकास परियोजना पदाधिकारी – CDPO, एकंगरसराय)
सुश्री शाम्भवी (सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी, चंडी)
धर्म कुमार गौतम (उद्योग विस्तार पदाधिकारी, नालंदा)
निहारिका (प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी – MO, वेन)
कुमारी पुष्पा (प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी – BEO, नगरनौसा)
बलिन्द्र साह (सहायक अभियंता, PHED अवर प्रमंडल, चंडी)
सुश्री संकल्पिता साह (सहायक तकनीकी प्रबंधक, ‘आत्मा’, नूरसराय)
आनंद कुमार (कार्यक्रम पदाधिकारी – PO, मनरेगा, हरनौत)
सुश्री सुप्रिया भारती (प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, ‘आत्मा’, नूरसराय)
नीती कुमारी (प्रखंड समन्वयक, ICDS, रहुई)
संजय कुमार (प्रखंड समन्वयक, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, सिलाव)
ललन प्रसाद (पंचायत रोजगार सेवक, चेरन, हरनौत) और मनोज कुमार (पंचायत रोजगार सेवक, बेलछी, चंडी)
शो-कॉज नोटिस जारी, सेवामुक्ति और विभागीय कार्रवाई का सख्त आदेश
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने इस लापरवाही को अक्षम्य अपराध मानते हुए ऑन द स्पॉट कड़ा रुख अख्तियार किया. उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मलमास मेले जैसी संवेदनशील जगह पर विधि-व्यवस्था में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. डीएम ने सभी 12 अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मियों से तत्काल 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया है. मौके पर तैनात अन्य दंडाधिकारियों को चेतावनी देते हुए डीएम ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सेवा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. पेयजल, रोशनी, सुरक्षा और साफ-सफाई में कोई भी कोताही हुई तो गाज गिरना तय है. लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी और विभागीय कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
निरीक्षण के दौरान डीएम के साथ नगर आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, आपदा प्रबंधन विभाग के आला अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) समेत भारी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक महकमे के वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
Also Read : नालंदा का टॉप कुख्यात अपराधी रोहित केवट गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










