बिहारशरीफ पुलिस का एक्शन, 24 घंटे के भीतर लूटी गई अपाची बाइक और मोबाइल के साथ 5 शातिर गिरफ्तार

फोटो गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस | Prabhat Khabar Network
Noorsarai Apache Bike Robbery Case : नूरसराय पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अपाची बाइक लूटकांड का खुलासा किया. पांच आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई बाइक और मोबाइल बरामद. जानिए पूरी खबर.
Noorsarai Apache Bike Robbery Case : बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना पुलिस ने अपाची मोटरसाइकिल लूटकांड का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए लूटी गई बाइक समेत अन्य सभी सामान बरामद कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है.
27 जुलाई की रात बजरंगबली मंदिर के समीप हुई थी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे नूरसराय थाना क्षेत्र के ननौरा गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप चार अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को अपना निशाना बनाया था. अपराधियों ने हथियार के बल पर उससे अपाची मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया था.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का हुआ था गठन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था. पीड़ित के फर्दबयान के आधार पर नूरसराय थाना कांड संख्या-419/26, दिनांक 28 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने तकनीकी, वैज्ञानिक एवं मानवीय साक्ष्यों का सहारा लेते हुए गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की और घटना में शामिल सभी मुख्य आरोपितों को धर दबोचा. उनकी निशानदेही पर ही पुलिस ने लूटी गई अपाची मोटरसाइकिल, एक स्मार्ट मोबाइल फोन और नीले रंग का पर्स बरामद कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपितों और निरुद्ध बालक का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों में विकास कुमार (19 वर्ष, पिता- शिवकुमार यादव, निवासी अतवलचक, थाना थरथरी), रोहित कुमार (19 वर्ष, पिता- सुभाष यादव, निवासी बड़ी देवी स्थान, नूरसराय), साहिल कुमार (21 वर्ष, पिता- हरेंद्र पासवान, थाना नूरसराय), रविश कुमार उर्फ भेटारी (18 वर्ष, पिता- श्याम किशोर यादव, निवासी अतवलचक, थाना थरथरी) तथा नीरज कुमार (19 वर्ष, पिता- अलिंद्र रविदास, निवासी बड़ी देवी स्थान, नूरसराय) शामिल हैं. इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है. सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है.
कई आरोपियों का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों में रविश कुमार, रोहित कुमार एवं विकास कुमार के विरुद्ध पहले से भी नूरसराय, थरथरी एवं चंडी थाना में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर मामलों में कई कांड दर्ज हैं.
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारियों की सराहनीय भूमिका
इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, सभ्या कुमारी, धीरज कुमार पुरी, मुन्ना कुमार, रमेश पासवान, सुमन सौरभ, रौशन कुमार, सत्य प्रकाश पाल तथा नूरसराय थाना के सशस्त्र बल के जवानों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










