नालंदा के नगरनौसा में अवैध हथियार बरामद, देसी कट्टा और 5 कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
देसी कट्टा के साथ पांच जिंदा कारतूस बरामद
नगरनौसा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अशरफपुर गांव में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. वहीं, दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
नगरनौसा (नालंदा). नगरनौसा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत अशरफपुर गांव में छापेमारी कर एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किये हैं. पुलिस ने मौके से दो आरोपितों राहुल कुमार उर्फ ठेका डॉन और बब्लू कुमार उर्फ राजा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया.
नगरनौसा थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहन के साथ पकड़े गये राहुल कुमार उर्फ ठेका डॉन से पूछताछ की गयी थी. इसके बाद उसके मोबाइल फोन की जांच और वीडियो के अवलोकन के दौरान पुलिस को राहुल कुमार उर्फ ठेका डॉन और उसके तीन सहयोगियों के पास अवैध आग्नेयास्त्र होने की जानकारी मिली.
राहुल की निशानदेही पर हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, मिली जानकारी के आधार पर राहुल कुमार उर्फ ठेका डॉन की निशानदेही पर अशरफपुर गांव स्थित मुकेश कुमार उर्फ बौद्धा के घर छापेमारी की गयी. घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किये.
कार्रवाई के दौरान राहुल कुमार उर्फ ठेका डॉन और बब्लू कुमार उर्फ राजा को गिरफ्तार किया गया. दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
हथियार कहां से आया, जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और कारतूस कहां से लाये गये थे तथा इनके इस्तेमाल की क्या मंशा थी. मामले की गहन जांच की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. कार्रवाई में थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा, पुअनि राजेश कुमार यादव, सअनि राजेश कुमार, सिपाही ललिता कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए