नालंदा के इस पंचायत की पूरे बिहार में चर्चा, मंत्री दीपक प्रकाश बोले- यहां से सीखने की जरूरत

Updated:
विज्ञापन

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का स्वागत करते मुखिया चंदन कुमार | Prabhat Khabar Network

Nalanda News : बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश नालंदा के दौरे पर चोरसुआ पंचायत पहुंचे. उन्होंने पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण कर इसकी व्यवस्थाओं और सौंदर्यीकरण की सराहना की. मंत्री ने कहा कि चोरसुआ पंचायत अन्य पंचायतों के लिए एक आदर्श मॉडल है.

विज्ञापन

Nalanda News : बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय नालंदा दौरे के दौरान गिरियक प्रखंड की चोरसुआ पंचायत का दौरा किया. पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण करने के बाद मंत्री इसके सौंदर्यीकरण, स्वच्छ परिसर और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं से खासे प्रभावित दिखे. उन्होंने कहा कि चोरसुआ पंचायत सरकार भवन राज्य की अन्य पंचायतों के लिए एक आदर्श मॉडल है और यहां की कार्यशैली से प्रेरणा ली जानी चाहिए. चोरसुआ पहुंचने पर मुखिया चंदन कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य

पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंचायतों को प्रशासन और विकास का मजबूत केंद्र बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है. सरकार की कोशिश है कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. उन्होंने कहा कि अब प्रखंड स्तर पर सहयोग शिविर और पंचायत दिवस का आयोजन नियमित रूप से किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सके और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो.

मुखिया चंदन कुमार ने मंत्री के समक्ष रखीं विभिन्न मांगें

कार्यक्रम के दौरान मुखिया चंदन कुमार ने पंचायत की विभिन्न विकासात्मक आवश्यकताओं को मंत्री के समक्ष रखा. उन्होंने पंचायत सरकार भवन के समीप नदी पर पुलिया निर्माण, कृषि क्षेत्रों तक पक्की सड़क, त्रिवेणी धाम के सौंदर्यीकरण, कन्या विवाह मंडप के निर्माण तथा पंचायत के समग्र विकास के लिए विशेष पैकेज की मांग की. मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया और कहा कि नियमों के अनुरूप पंचायत के विकास के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा. इस मौके पर मंत्री दीपक प्रकाश द्वारा पंचायत सरकार भवन परिसर में पीपल का पौधा लगाकर लोगों को हरियाली का संदेश दिया.

विकास योजनाओं की समीक्षा कर नवादा के लिए हुए रवाना

मंत्री ने अपने दौरे के दौरान पंचायत में चल रही विकास योजनाओं की भी समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके बाद वह सड़क मार्ग से नवादा के लिए रवाना हो गए. इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल, जिलाध्यक्ष सोनू कुशवाहा, प्रखंड अध्यक्ष इंद्रजीत कुमार, महिला प्रकोष्ठ की प्रतिभा रानी कुशवाहा, गिरियक के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी रंजीत कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन शिक्षक रोहित कुमार ने किया.

Also Read : गया जी में घरेलू विवाद ने ली महिला की जान, हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन