नालंदा में 4 दिन से लापता 25 वर्षीय छात्र का नहर में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतिका के माता-पिता को संभालते परिजन | Prabhat Khabar Network
नालंदा जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र के छात्र शिवम का शव चार दिन बाद एकंगरसराय इलाके की नहर से बरामद हुआ है. एसयू कॉलेज के स्नातकोत्तर के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों ने एक युवती के परिवारवालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मोबाइल सिम के जरिए शिनाख्त कर मामले की जांच कर रही है.
Nalanda News : नालंदा में चार दिनों से लापता 25 वर्षीय छात्र का शव बुधवार शाम राढ़ील छिलका और खड्डी लोदीपुर गांव के बीच नहर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान करायपरसुराय थाना क्षेत्र के गोवाल बिगहा निवासी शिवम के रूप में हुई है, जो वर्तमान में हिलसा पटेल नगर में रहते थे.
उनके सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर जख्म के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की गहरी आशंका जताई है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
प्रेम प्रसंग और परिजनों के गंभीर आरोप
परिजनों के अनुसार शिवम का एकंगरसराय थाना क्षेत्र की एक युवती से करीब छह महीने से संपर्क था. दोनों एसयू कॉलेज में स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के छात्र थे. इसी प्रेम प्रसंग को लेकर युवती के परिजनों से विवाद की आशंका जताई जा रही है. मृतक के पिता ओम प्रकाश और मां हिलसा न्यायालय में अधिवक्ता हैं.
मृतक के पिता ने बताया कि युवती के भाई गौरव ने कुछ दिन पहले फोन कर उनसे मामले को संभालने की बात कही थी. उन्होंने भरोसा दिया था कि वह अपने बेटे को समझाएंगे और युवती की इज्जत पर कोई आंच नहीं आने देंगे. परिजनों का आरोप है कि इसके बाद शिवम को झांसा देकर युवती के घर बुलाया गया और उसकी निर्मम हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया.
मृतक के बड़े भाई सत्यम केशवा ने बताया कि 14 सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे शिवम से बातचीत हुई थी. उसने बिहारशरीफ में होने की बात कही थी, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि वह एकंगरसराय में युवती के घर गया था. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि युवती के घरवालों ने शिवम का वीडियो भी बनाया था.
मोबाइल के सिम से खुली पहचान की कड़ी
तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि नहर में शव मिलने के बाद मृतक की जेब से मोबाइल बरामद हुआ. पानी में भीगने के कारण मोबाइल बंद था. एफएसएल टीम की मौजूदगी में मोबाइल का सिम निकालकर जब दूसरे फोन में लगाया गया, तब हिलसा न्यायालय के एक अधिवक्ता का नंबर सामने आया. इसके बाद परिजनों को तुरंत सूचना देकर शव की पहचान कराई गई.
थानाध्यक्ष ने बताया कि शिवम का मोबाइल 14 सितंबर की रात करीब आठ बजे से बंद हो गया था. हालांकि, उस समय तक परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की कोई सूचना दर्ज नहीं कराई थी. पुलिस को शुरुआती जांच में शव के सिर पर चोट के निशान मिले हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और अधिक स्पष्ट हो जाएगी. पुलिस परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए