नालंदा में बाढ़ का क्या है हाल? उदेरास्थान बराज का एक फाटक खुला, इन इलाकों में घटा जलस्तर
नदियों के जलस्तर की निगरानी
Nalanda Flood Situation : नालंदा जिले में बाढ़ की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और सामान्य बनी हुई है. जिला प्रशासन नदियों के जलस्तर और उदेरास्थान बराज से पानी के प्रवाह पर पैनी नजर रख रहा है. लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है.
Nalanda Flood Situation : नालंदा जिले में बाढ़ की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में और सामान्य बनी हुई है. जिला प्रशासन की ओर से नदियों के जलस्तर और उदेरास्थान बराज से पानी के प्रवाह पर लगातार नजर रखी जा रही है. सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और तकनीकी दल जलस्तर में होने वाले बदलाव की निगरानी कर रहा है.
आपके शहर में
उदेरास्थान बराज का एक फाटक खुला
प्रातः छह बजे तक उदेरास्थान बराज के कुल 30 फाटकों में से एक फाटक खुला था, जबकि 29 फाटक बंद थे. बराज की डिजाइन डिस्चार्ज क्षमता 1,59,000 क्यूसेक है. वर्तमान में पानी का प्रवाह इसकी तुलना में काफी कम है. हालांकि जलस्तर में बढ़ोतरी का रुझान दर्ज किया गया है, जिस पर तकनीकी टीम लगातार नजर रख रही है.

अधिकांश अंचलों में घटा नदियों का जलस्तर
प्रातः आठ बजे तक नूरसराय, रहुई, हिलसा, एकंगरसराय, इस्लामपुर, करायपरसुराय, थरथरी, राजगीर, गिरियक और कतरीसराय में नदियों का जलस्तर घटा है. इन सभी क्षेत्रों में स्थिति सामान्य बनी हुई है.
कुछ इलाकों में मामूली बढ़ोतरी
बिहारशरीफ में पंचाने नदी, सरमेरा में जीराइन नदी तथा सिलाव और वेन में जलस्तर में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. हालांकि इन स्थानों पर भी नदी का प्रवाह फिलहाल सामान्य सीमा के भीतर है. वहीं, परवलपुर, नगरनौसा और चंडी में नदियों में किसी अतिरिक्त जलप्रवाह की सूचना नहीं है.

तटबंधों की मरम्मत का काम अंतिम चरण में
अस्थावां में जीराइन और सोईवा नदी के तटबंध की मरम्मत का कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है. वहीं बिन्द अंचल में तटबंध मरम्मत का कार्य 100 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है. दोनों स्थानों पर स्थिति सामान्य बतायी गयी है.

अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से बाढ़ की स्थिति को लेकर फैलायी जा रही किसी भी भ्रामक खबर या अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. प्रशासन ने कहा है कि बाढ़ से संबंधित जानकारी के लिए केवल जिला प्रशासन और अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें. नवीनतम जानकारी के लिए नालंदा जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया पेजों को फॉलो करने की अपील भी की गयी है.
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति या सहायता की जरूरत होने पर जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है.
दूरभाष: 06112-233168 मोबाइल: 8789858336
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए