नालंदा : पंचायत भवनों में बढ़ेंगी सुविधाएं, मंत्री दीपक प्रकाश ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Updated:
विज्ञापन
निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का मंत्री ने किया निरीक्षण, योजनाओं की समीक्षा में दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

फोटो- निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का जायजा लेते पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश | Prabhat Khabar Network

Nalanda News : नालंदा जिले में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की. 134 पंचायत भवनों में सेवाएं जारी हैं और 87 का निर्माण जारी है, जिन्हें बहुउद्देश्यीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा.

विज्ञापन

Nalanda News : बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को अपने तीन दिवसीय नालंदा दौरे के दूसरे दिन जिले में पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने बिहारशरीफ प्रखंड की तिउरी ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया तथा हरदेव भवन, समाहरणालय में विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की. बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, सभी कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

निर्माणाधीन भवन एवं छठ घाट का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने तिउरी पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने निर्माण कार्य में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने तथा भवन का निर्माण अविलंब पूरा करने का निर्देश दिया. इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत योजना से निर्मित छठ घाट का भी निरीक्षण किया और उसके बेहतर रखरखाव तथा उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

पंचायत सरकार भवनों में लगातार बढ़ेंगी जनसेवाएं

समीक्षा बैठक में बताया गया कि नालंदा जिले की 227 ग्राम पंचायतों में से 134 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है और सभी भवनों में पंचायत स्तरीय सेवाएं संचालित हो रही हैं. इन भवनों से जाति, आय, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य सरकारी सेवाएं लोगों को उपलब्ध कराई जा रही हैं. वहीं, 87 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य जारी है, जबकि छह पंचायतों- सरथा, पोआरी, चिकसौरा, उतरनावां, जैतपुर और अमेरा में भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण शुरू होगा.

बहुउद्देश्यीय सेवा केंद्र के रूप में होंगे विकसित

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले के 51 पंचायत सरकार भवनों में डाकघर की सेवाएं शुरू हो चुकी हैं. इसके अलावा 91 पंचायत सरकार भवनों में जल्द ही आधार से संबंधित सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी. वहीं, 53 पंचायत सरकार भवनों में पुस्तकालय स्थापित किए जा चुके हैं. मंत्री ने निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवनों को ग्रामीणों के लिए बहुउद्देश्यीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाए ताकि अधिकाधिक सरकारी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें.

सोलर लाइट, विवाह मंडप और मोक्षधाम पर जोर

मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले की 227 पंचायतों में से 49 पंचायतों में भूमि का चयन किया जा चुका है. प्रथम चरण में 24 पंचायतों में निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है. प्राक्कलन तैयार होने के बाद ग्राम पंचायतों के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिले में 32,900 सोलर लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. अधिकारियों ने बताया कि अब तक 32,712 सोलर लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं. शेष 188 लाइटें तकनीकी कारणों से नहीं लग सकी हैं, जिन्हें इसी माह स्थापित कर दिया जाएगा.

सहयोग पोर्टल की शिकायतों का त्वरित निष्पादन

जिले की 227 पंचायतों में से 115 पंचायतों में मोक्षधाम निर्माण के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है. बैठक में सहयोग पोर्टल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पंचायती राज विभाग से संबंधित कुल 753 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 719 का निष्पादन किया जा चुका है. शेष लंबित मामलों का भी जल्द समाधान करने का निर्देश मंत्री ने अधिकारियों को दिया. मंत्री दीपक प्रकाश 9 से 11 जुलाई तक नालंदा जिले के दौरे पर हैं और विभिन्न पंचायतों में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं.

Also Read : नालंदा की इस पंचायत की पूरे बिहार में चर्चा, मंत्री दीपक प्रकाश बोले- यहां से सीखने की जरूरत



विज्ञापन
Kanchan Kumar

लेखक के बारे में

By Kanchan Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन