ePaper

हिलसा सूर्य मंदिर तालाब सजधज के तैयार

Updated at : 25 Oct 2025 9:48 PM (IST)
विज्ञापन
हिलसा सूर्य मंदिर तालाब सजधज के तैयार

लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय कार्तिक छठ महापर्व शनिवार से शुरू हो गया.

विज्ञापन

हिलसा. लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय कार्तिक छठ महापर्व शनिवार से शुरू हो गया. पहले दिन नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने इस पवित्र पर्व की शुरुआत की. सुबह घर की साफ-सफाई और स्नान के बाद व्रतियों ने विधि-विधान से भगवान भास्कर की पूजा की. कद्दू-भात और चने की दाल का प्रसाद सूर्य देव को अर्पित किया गया. इसके बाद व्रतियों ने यह प्रसाद खुद ग्रहण किया और फिर परिवार वालों ने भी इसे खाया. अब व्रती रविवार को होने वाले खरना की तैयारी में जुट गई हैं. खरना के दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगी और शाम को खीर, दूध, चावल का पीठा और घी लगी रोटी बनाएंगी. छठी मइया को यह प्रसाद चढ़ाने के बाद व्रती इसे खाएंगी और स्वजनों व आसपास के लोगों में बांटेंगी. खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा. सोमवार की शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा. फिर मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण होगा और पूजा पूरी होगी. इस महापर्व को लेकर हिलसा का सूर्य मंदिर छठ घाट सज-धजकर तैयार है. शहर के साथ ग्रामीण इलाकों के तालाब और पोखरों पर बने घाटों को भी साफ-सफाई के साथ भव्य रूप दिया गया है. सूर्य मंदिर छठ घाट को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है. घाट के चारों तरफ पेड़ों, बिजली के खंभों और मंदिरों पर रोशनी की सजावट की गई है. शाम होते ही घाट का नजारा मनमोहक हो जाता है और लोग इसे देखने के लिए अभी से पहुंचने लगे हैं. घाट पर रोशनी का पूरा इंतजाम किया गया है. सुरक्षा के लिए इस बार घाट पर खास तैयारी है. भीड़ पर नजर रखने के लिए दो दर्जन से अधिक छोटे-बड़े सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. दो जगहों पर बड़े स्क्रीन वाले एलईडी टीवी भी होंगे. इन कैमरों की निगरानी कंट्रोल रूम से होगी. घाट की सुरक्षा के लिए 4 जगहों पर वॉच टावर, आठ चेंजिंग रूम, दो चलंत शौचालय, शुद्ध पानी के लिए दो टैंकर, मेडिकल कैंप, खोया-पाया केंद्र और चिकित्सा शिविर की व्यवस्था की गई है. कार्यपालक पदाधिकारी रविशंकर कुमार ने बताया कि नगर परिषद ने व्रतियों के लिए हर सुविधा का ध्यान रखा है. घाट को स्वच्छ और आकर्षक बनाने में नगरवासियों का भी बड़ा योगदान मिल रहा है. सूर्य मंदिर छठ घाट अब व्रतियों का स्वागत करने को पूरी तरह तैयार है. हिलसा शहर में छठ महापर्व को लेकर धार्मिक उत्साह चरम पर है।द्वापर युग से जुड़ा ऐतिहासिक सूर्य मंदिर छठ घाट सजधजकर पूरी तरह तैयार हो चुका है. जदयू नेता ब्रजनेश चन्द्र विद्यार्थी ने शनिवार को छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया उन्होंने कहा लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ को लेकर हिलसा का ऐतिहासिक सूर्य मंदिर तालाब श्रद्धा, भक्ति और सौंदर्य का केंद्र बन गया है. नगर प्रशासन की ओर से घाटों की साफ-सफाई, रंगीन लाइटिंग, पेयजल, सुरक्षा और तैराकों की तैनाती की व्यवस्था की गई है. द्वापर युगीन आस्था से जुड़ा यह सूर्य मंदिर हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहता है. तालाब के चारों ओर बनी नई पत्थर की सीढ़ियां और सजावट श्रद्धालुओं को एक नया अनुभव दे रही हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANTOSH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन