हरनौत में सफाई कर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी, नगर में कचरे के ढेर; सावन और नागपंचमी पर बढ़ी परेशानी
पसरी हुई गंदगी
हरनौत नगर पंचायत में 122 सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पांचवें दिन भी जारी है, जिससे नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. घरों और बाजारों में कूड़े के ढेर लगने से आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है.
Biharsharif News: हरनौत नगर पंचायत में 122 सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही. हड़ताल के कारण पूरे बाजार और विभिन्न मोहल्लों की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. डोर-टू-डोर कचरा उठाव बंद होने से घरों और बाजारों में कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पर्व के दौरान गंदगी से बढ़ी मुश्किल
सावन की पहली सोमवारी और नागपंचमी जैसे महत्वपूर्ण पर्वों पर भी सफाई नहीं होने से श्रद्धालुओं, दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी. मानसून की बारिश के बीच गीला कचरा सड़ने से कई इलाकों में दुर्गंध फैल गई है. सड़ते कचरे और दूषित पानी के कारण संक्रमण एवं मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है.
नगर में जमा हुआ भारी मात्रा में कचरा
सामान्य दिनों में प्रतिदिन आठ टीपर और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली से कचरे का उठाव किया जाता है. हड़ताल के चलते अब तक करीब 40 टीपर और 20 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर कचरा जमा होने का अनुमान है. हर-हर महादेव धर्मशाला के पीछे, गोनावां रोड, डाक बंगला रोड, पीएम श्री हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल परिसर, रांची रोड, बीच बाजार और कृषि विज्ञान केंद्र सहित कई स्थानों पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं.
जेसीबी से सफाई की कोशिश का हुआ विरोध
नगर पंचायत प्रशासन ने सोमवार सुबह जेसीबी के माध्यम से सड़क किनारे जमा कचरा हटाने का प्रयास किया. हालांकि प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों ने इसका विरोध करते हुए कार्य रुकवा दिया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रांची रोड स्थित विश्वकर्मा मोड़ के पास बैनर और तख्तियों के साथ सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया.
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
प्रदर्शनकारी कुंदन कुमार ने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है और मांगें पूरी होने तक आंदोलन चलता रहेगा. नगर पंचायत की सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी प्राची प्रसाद ने भी स्वीकार किया कि सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है.
जल्द समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हड़ताल का शीघ्र समाधान निकालने और नगर की सफाई व्यवस्था को जल्द सामान्य करने की मांग की है, ताकि लोगों को गंदगी और उससे होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










