बिहारशरीफ के पत्रकार नगर में बदमाशों ने बस रोककर चालक-उपचालक की पिटाई, 5 हजार रुपये लूटकर फरार
घटना में चालक-उपचालक हुए घायल
बिहारशरीफ में सोमवार सुबह पत्रकार नगर में एक बस पर चार बदमाशों ने हमला कर दिया. उन्होंने बस चालक और उपचालक को लाठी-डंडों से पीटा और चालक से करीब 5000 रुपये लूट लिए. घटना के समय बस में यात्रियों की मौजूदगी के कारण अफरा-तफरी मच गई.
Bus Robbery in Bihar Sharif's Patrakar Nagar : बिहारशरीफ के बिहार थाना क्षेत्र स्थित पत्रकार नगर में सोमवार की सुबह बदमाशों ने एक बस को रोककर चालक और उपचालक के साथ लाठी-डंडे से मारपीट कर दी. यादव लॉज के पास हुई इस घटना में दोनों जख्मी हो गए. बस में यात्रियों की मौजूदगी के बीच चालक और उपचालक पर हमला होने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
आपके शहर में
उपचालक पप्पू कुमार के अनुसार, चार दिन पहले भी बस रामचंद्रपुर से बरबीघा जा रही थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने बस को रोकने का प्रयास किया था. बस नहीं रुकने को लेकर उन लोगों के साथ कहासुनी हो गयी थी. बताया जा रहा है कि इसी पुराने विवाद को लेकर सोमवार की सुबह बदमाशों ने बस को निशाना बनाया.
यादव लॉज के पास बस पर चढ़े चार बदमाश
सोमवार की सुबह बस रामचंद्रपुर से बरबीघा के लिए रवाना हुई थी. बस जैसे ही बिहार थाना क्षेत्र के यादव लॉज के पास पहुंची, चार बदमाश बस पर चढ़ गए. इसके बाद उन्होंने चालक नीतीश कुमार और उपचालक पप्पू कुमार के साथ लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी.

अचानक हुए हमले से चालक और उपचालक को संभलने का मौका नहीं मिला. मारपीट में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गयी, जिसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया.
मारपीट के दौरान बदमाशों ने चालक से पांच हजार रुपये भी लूटे
उपचालक पप्पू कुमार ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने चालक के पास रखे करीब पांच हजार रुपये भी लूट लिए. घटना के बाद मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की गयी है.
मारपीट होते देख यात्रियों में मची भगदड़
घटना के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे. चालक और उपचालक के साथ बदमाशों को मारपीट करते देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गयी. अचानक हुई घटना से यात्री घबरा गए और कई लोग किसी तरह बस से बाहर निकलने लगे.
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस जगह पर बस को रोककर मारपीट की गयी, वहां से बिहार थाना की दूरी महज करीब दो सौ मीटर है. घटना के बाद इलाके में भीड़ जुट गयी. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और पुराने विवाद को भी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए