बैंककर्मियों की हड़ताल से प्रभावित रहा कामकाज, 26 सितंबर से फिर तीन दिन बंद रहेंगे बैंक, जानिए वजह?
प्रदर्शन करते बैंक कर्मी
बैंक अधिकारी और कर्मचारी प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन में असमानता खत्म करने और पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं. 26 से 28 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है, जो बैंकिंग सेवाओं को प्रभावित करेगी.
Bank Strike: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को जिले के बैंक अधिकारी और कर्मचारी एकदिवसीय हड़ताल पर रहे. हड़ताल के कारण कई बैंक शाखाओं में ताले लटके रहे और सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं. चेक क्लीयरेंस, नकद जमा-निकासी, ड्राफ्ट सहित कई जरूरी बैंकिंग कार्य ठप रहने से उपभोक्ताओं और कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. बैंककर्मियों ने कहा कि हड़ताल का उद्देश्य केवल एक दिन बैंकिंग व्यवस्था को प्रभावित करना नहीं है, बल्कि लंबे समय से लंबित मांगों की ओर सरकार और बैंक प्रबंधन का ध्यान आकर्षित करना है.
प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन में असमानता खत्म करने की मांग
बैंककर्मियों ने प्रदर्शन लिंक्ड इंसेंटिव में व्याप्त असमानता समाप्त करने की मांग प्रमुखता से उठायी. यूनियन प्रतिनिधियों के अनुसार, वर्तमान व्यवस्था में स्केल-1 से स्केल-3 तक के अधिकारियों और उससे ऊपर के अधिकारियों के बीच प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन राशि के वितरण में काफी असमानता है. बैंक यूनियनों की मांग है कि इस असमानता को समाप्त कर समान और न्यायसंगत नीति लागू की जाये.
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग
बैंककर्मियों ने सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठायी. यूनियन प्रतिनिधियों के अनुसार, यह मांग लंबे समय से लंबित है. कर्मचारियों का कहना है कि इस व्यवस्था को जल्द लागू किया जाना चाहिए.
26 से 28 सितंबर तक प्रस्तावित है तीन दिवसीय हड़ताल
बैंक यूनियनों ने आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकेत देते हुए कहा कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जायेगा. यूनियन के अनुसार, 26 से 28 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है. इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन राष्ट्रव्यापी हड़ताल का निर्णय लिया जायेगा.
विभिन्न बैंक यूनियनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बिहारशरीफ में हड़ताल को सफल बनाने में ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन समेत विभिन्न बैंक यूनियनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भूमिका निभायी. इस दौरान कॉमरेड जितेंद्र कुमार, कॉमरेड शशिकांत कुमार, कॉमरेड रितेश कुमार सिंह, कॉमरेड नीरज कुमार, कॉमरेड अमित कुमार, कॉमरेड दिवाकर कुमार, कॉमरेड शुभम कुमार, कॉमरेड आशुतोष कुमार, कॉमरेड विशाल कुमार और कॉमरेड अजीत कुमार सहित दर्जनों बैंक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे.
नयी सड़क बनने के बाद ही जगह-जगह दरार, मनेर में ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लगाया घटिया निर्माण का आरोप
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए