Bihar News: मोतिहारी में युवक ने युवती पर फेंका एसिड, बचाने आई मां भी झुलसी

सांकेतिक तस्वीर
Bihar News: पूर्वी चंपारण में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. प्रेम में पागल युवक ने घर में घुसकर युवती पर एसिड फेंक दिया. युवती गंभीर रूप से झुलस गई, उसे बचाने में मां भी झुलस गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
Bihar News: बिहार के मोतिहारी में एकतरफा प्यार में इनकार से नाराज युवक ने घर में सो रही ग्रेजुएशन की छात्रा पर एसिड अटैक कर दिया. घटना पताही थाना क्षेत्र की है. पीड़िता गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने पीड़िता के बयान पर आरोपी रिश्तेदार प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला
घटना पताही थाना क्षेत्र खुटौना गांव की है. युवती अपनी मां के साथ घर में सो रही थी. तभी एक सिरफिरा युवक चुपके से घर में घुसा और युवती पर तेजाब फेंक दिया. तेजाब के जलन से युवती चीखने-चिल्लाने लगी. एसिड की चपेट में आने से युवती बुरी तरह झुलस गई, उसका बिस्तर और कंबल भी जल गए.
हमले के वक्त मां ने बेटी को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी आंशिक रूप से झुलस गई. दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. युवती की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस का क्या कहना है?
मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. आरोपी युवक युवती के चाचा के मामा का लड़का है. युवक का युवती से एकतरफा प्रेम था. पहले वह मोबाइल पर बात करता था. युवती ने नंबर ब्लॉक कर दिया, तो वह जबरन शादी का दबाव बनाने लगा. इनकार करने पर उसने एसिड अटैक कर दिया.
युवती को मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही पताही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, मामला पारिवारिक होने के कारण परिजनों ने पहले कभी शिकायत दर्ज नहीं कराई थी. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
पीड़िता का क्या है कहना?
पीड़िता ने बताया कि प्रियांशु हमें लगातार मैसेज कर बातचीत करने का दबाव बनाता था. पहले हम उससे बात करने से इनकार कर दिए, लेकिन लगातार दबाव के कारण कुछ समय तक बातचीत की. इसके बाद दूरी बना ली. जिससे प्रियांशु नाराज हो गया और बदले की भावना से इस घटना को अंजाम दिया.
Also Read: Bihar News: BPSC शिक्षिका ने सुसाइड नोट लिखकर फंदे से लटकर दे दी जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




