Prabhat Khabar Exclusive: बिहार के चर्चित IPS की पत्नी के कई खुलासे, बोलीं- मैंने जहर खा लिया, पति तलाक का दबाव बना रहे

Updated:
विज्ञापन

खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह की तस्वीर

IPS Bhanu Pratap Singh Family Controversy: पति से रिश्ते और बेटी से दूरी को लेकर IPS भानु प्रताप की पत्नी ने अपनी परेशानी सामने रखी है. उन्होंने दावा किया कि लंबे समय से चल रहे तनाव के बीच उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ी और उन्होंने जहर खा लिया. प्रभात खबर से एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने IPS मेस से लेकर तलाक के कथित दबाव तक कई चौंकाने वाली बातें बताईं.

विज्ञापन

IPS Bhanu Pratap Singh Family Controversy: खगड़िया SP भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा ने प्रभात खबर से एक्सक्लूसिव बातचीत की हैं. उन्होंने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. पूजा का दावा है कि वह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रही हैं. उनका आरोप है कि उनकी 6 साल की बेटी को उनसे दूर कर दिया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पूजा ने बताया कि मानसिक तनाव के बीच उन्होंने फिनाइल पी लिया था. इसके बाद उन्हें पटना के IGIMS में भर्ती कराया गया. बातचीत के दौरान उन्होंने IPS मेस में खुद को कमरे में बंद किए जाने, बेटी से नहीं मिलने देने, तलाक के लिए दबाव बनाने और पति के कथित व्यवहार को लेकर कई बातें कहीं.

पूजा की सबसे बड़ी मांग यही है कि उन्हें उनका पति और बेटी वापस मिल जाए. उन्होंने कहा कि वह अपना परिवार टूटता नहीं देखना चाहतीं.

‘मैंने पॉइजन खाया, मैं परेशान हूं, मुझे मेरी बेटी से मिलवा दीजिए’

प्रभात खबर के रिपोर्टर रोहित वर्मा से बातचीत में पूजा ने कहा कि वह मानसिक रूप से बहुत परेशान थीं. इसी दौरान उन्होंने जहर खा लिया. उन्होंने कहा, “मैंने पॉइजन खाया... मैं परेशान हूं. मुझे मेरी बेटी से मिलवा दीजिए. मुझे मेरा सुखी परिवार चाहिए.”

पूजा के मुताबिक, वह अपनी बेटी से मिलने के लिए लगातार कोशिश कर रही हैं. उनका आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया जा रहा है.

‘बच्ची को वो लेकर चले गए, मैं पटना से खगड़िया SP आवास पहुंची’

पूजा ने बताया कि उनकी बेटी को भानु प्रताप सिंह अपने साथ लेकर चले गए. इसके बाद वह पटना से खगड़िया स्थित SP आवास पहुंचीं. उनका आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद भी उन्हें अपनी बेटी से मिलने नहीं दिया गया.

पूजा ने कहा कि उनके पीछे उनकी बेटी को खगड़िया लाया गया, लेकिन उन्हें बच्ची से मिलने का मौका नहीं दिया गया. उनका यह भी दावा है कि भानु प्रताप सिंह उनसे मिलने तक अस्पताल नहीं आए.

‘रीना नाम की महिला सिपाही ने मुझे फोन करके बताया’

पूजा के मुताबिक, उनकी बेटी के साथ करीब एक साल से रीना नाम की महिला सिपाही रह रही थीं. उन्होंने दावा किया कि रीना ने उन्हें फोन करके बताया कि “भानु सर बच्ची को अपने साथ लेकर चले गए.” पूजा का कहना है कि उन्होंने भानु से कहा था कि वह भी उनके साथ चलेंगी, लेकिन उन्हें साथ नहीं ले जाया गया.

‘मेरे पीछे वो बेटी को खगड़िया लेकर आए’

पूजा ने दावा किया कि जब वह बेटी को लेकर परेशान थीं, उसी दौरान उनके पति बच्ची को लेकर खगड़िया आए. उनका आरोप है कि वह खुद खगड़िया पहुंचीं, लेकिन इसके बावजूद बेटी से मिलने नहीं दिया गया. पूजा ने कहा कि वह सिर्फ अपनी बेटी से मिलना चाहती हैं और उसके साथ रहना चाहती हैं.

‘हॉस्पिटल वालों से कहा गया कि मुझे अभी डिस्चार्ज न करें’

पूजा ने अस्पताल में इलाज के दौरान की स्थिति का भी जिक्र किया. उनका आरोप है कि अस्पताल के कर्मचारियों से कहा गया था कि उन्हें अभी डिस्चार्ज नहीं किया जाए. पूजा ने दावा किया कि वह अपनी बेटी और पति से मिलने के लिए परेशान थीं, लेकिन इस दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा.

‘8 महीने तक सरकारी आवास छोड़कर IPS मेस में रहे’

पूजा ने दावा किया कि भानु प्रताप सिंह करीब आठ महीने तक सरकारी आवास छोड़कर IPS मेस में रहते थे. उनके मुताबिक, इस दौरान पति-पत्नी के रिश्ते में दूरी बढ़ती गई. पूजा का कहना है कि वह लगातार मानसिक तनाव से गुजर रही थीं.

‘मैंने रक्षा बंधन पर फोन किया तो कहा- अब हमारा साथ यहीं तक है’

पूजा ने बताया कि रक्षा बंधन के मौके पर उन्होंने अपने पति को फोन किया था. उनका दावा है कि उस समय भानु प्रताप सिंह की बहन और जीजा उनके पास आए थे. पूजा ने कहा कि उन्होंने फोन पर पति से बात की, लेकिन उन्हें जवाब मिला कि “तुम मत आओ, अब हमारा साथ यहीं तक है.” पूजा के मुताबिक, इस बात से वह और ज्यादा टूट गईं.

‘उन्होंने कहा- मुझे मन करता है तुम्हें कूट डालूं’

पूजा ने अपने पति पर मानसिक प्रताड़ना के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि भानु प्रताप सिंह उनसे कहते थे, “मुझे मन करता है तुम्हें आकर कूट डालूं.” पूजा ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें छत से कूदने और जहर खाने जैसी बातें कही जाती थीं.

उन्होंने कहा, “वो कहते हैं कि छत से कूद जाओ तुम, जहर खा लो. फिर मुझे बाथरूम में जो मिला, मैंने पी लिया.” पूजा के मुताबिक, लगातार तनाव के कारण वह डिप्रेशन में चली गई थीं.

डिप्रेशन में चली गई थीं, 6 दिन पहले पी लिया था फिनाइल

पूजा ने बताया कि मानसिक तनाव के बीच करीब छह दिन पहले उन्होंने फिनाइल पी लिया था. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें पटना के IGIMS में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ. पूजा का दावा है कि इस घटना के पीछे लंबे समय से चल रहा मानसिक तनाव था.

‘क्या आप पर तलाक के लिए दबाव बनाया जा रहा है?’

जब पूजा से पूछा गया कि क्या उन पर तलाक लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, तो उन्होंने इसका जवाब हां में दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति उनसे कहते हैं कि “तुम डाइवोर्स दे दो, जितना पैसे चाहिए तुम ले लो.”

पूजा ने कहा कि उन्होंने पति से पूछा कि ऐसा क्यों कर रहे हैं. उनका कहना है कि उन्होंने यह तक कहा कि वह नमक-रोटी खाकर भी रह लेंगी और अचार-रोटी भी खा लेंगी, लेकिन परिवार नहीं टूटना चाहिए.

‘शादी के 4 साल बाद ये IPS बने, हमने लव मैरिज की थी’

पूजा ने अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों को भी याद किया. उन्होंने बताया कि दोनों ने लव मैरिज की थी. उनके मुताबिक, शादी के करीब चार साल बाद भानु प्रताप सिंह IPS बने.

पूजा का कहना है कि उन्होंने पति के संघर्ष के दिनों में उनका साथ दिया. अब वह सवाल उठा रही हैं कि जब दोनों ने साथ मिलकर जीवन शुरू किया था, तो आज उन्हें परिवार से अलग क्यों किया जा रहा है.

‘IPS मेस की महिला सिपाहियों ने मुझे लॉक कर दिया’

पूजा ने पटना स्थित IPS मेस को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए. उनका दावा है कि उन्हें एक कमरे में बाहर से लॉक कर दिया गया था. कमरे के बाहर महिला सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई थी. पूजा का आरोप है कि उन्हें मीडिया से बात करने से रोकने के लिए ऐसा किया गया. उन्होंने कहा, “मेरे साथ अब भी दो महिला सिपाही हैं. कभी दो जाती हैं तो तीन आती हैं.”

‘जब मीडिया में बातें चलीं तो उन्होंने मुझे खगड़िया बुलाया’

पूजा ने बताया कि जब मामला मीडिया में चर्चा में आया, तब उन्हें खगड़िया बुलाया गया. उनका आरोप है कि इसके बाद भानु प्रताप सिंह खुद पटना एयरपोर्ट के लिए निकल गए और बच्ची को भी अपने साथ ले गए. पूजा ने कहा कि उन्हें यह तक पता नहीं चला कि वह बच्ची को लेकर कहां गए.

‘मेरे पीछे उनके पापा और जीजा का हाथ है’

पूजा ने अपने पति के परिवार के सदस्यों पर भी आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले में भानु प्रताप सिंह के पिता और जीजा का हाथ है. पूजा के मुताबिक, उनका मानना है कि परिवार के लोग भानु को इस तरह के कदम उठाने के लिए प्रभावित कर रहे हैं.

‘मेरे दोस्त, भगवान और बाप भी वही हैं’

पति के साथ अपने रिश्ते को लेकर पूजा काफी भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा, “मेरे दोस्त, भगवान, बाप भी वही हैं.” पूजा का कहना है कि तमाम विवादों के बावजूद वह अपने पति से रिश्ता खत्म नहीं करना चाहतीं.

‘वो कहते हैं, दुनिया की किसी भी दूसरी औरत के साथ रह लूंगा’

जब पूजा से पूछा गया कि क्या उनके पति दूसरी शादी करना चाहते हैं, तो उन्होंने पति के कथित बयान का जिक्र किया. पूजा ने दावा किया, “वो कहते हैं कि मैं दुनिया की किसी भी दूसरी औरत के साथ रह लूंगा, लेकिन तुम्हारे साथ नहीं रहूंगा.” यह पूजा का आरोप है. इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

‘IG, DIG कोई अधिकारी मेरा फोन नहीं उठाते’

प्रभात खबर से बातचीत में पूजा ने यह भी बताया कि उन्होंने मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी संपर्क करने की कोशिश की. उनका आरोप है कि IG और DIG स्तर के कोई भी अधिकारी उनका फोन नहीं उठा रहे हैं. पूजा का कहना है कि वह अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाना चाहती हैं और चाहती हैं कि उनकी स्थिति को समझा जाए.

‘मुझे 10-15 हजार रुपये महीने में देते थे’

पूजा ने आर्थिक स्थिति को लेकर भी बात की. उनका दावा है कि भानु प्रताप सिंह उन्हें हर महीने करीब 10 से 15 हजार रुपये देते थे. उसी में वह खर्चा चलाती थीं. पूजा के मुताबिक, उनकी जरूरतों और परिवार की स्थिति को लेकर भी दोनों के बीच विवाद रहा है.

‘स्कूल से बेटी का TC ले लिया, मुझे नहीं बताया’

पूजा ने अपनी बेटी की पढ़ाई को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया. उनका दावा है कि उनकी बेटी के स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट यानी TC ले लिया गया, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई. पूजा का कहना है कि बेटी से दूर किया जाना उनके लिए सबसे बड़ी परेशानी है.

‘मेरा भाई मुझसे बात नहीं करता, हमने लव मैरिज की थी’

पूजा ने अपने मायके के रिश्तों के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि उनकी लव मैरिज की वजह से उनका भाई उनसे बात नहीं करता. पूजा ने बताया कि एक रात करीब 12 बजे भानु और उनके जीजा ने मुझे भगाया और फिर शादी की. इससे मेरे मायके वाले नाराज रहते हैं.

‘अब आप आगे क्या करेंगी?’

जब पूजा से पूछा गया कि अब वह आगे क्या करेंगी, तो उनका जवाब सीधा था. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पति और बेटी दोनों चाहिए. पूजा ने कहा, “मुझे मेरे पति और बच्ची मिल जाएं, बस यही चाहिए. मेरे सामने उनको बुलाया जाए, मुझे बस यही चाहिए.”

उनका कहना है कि वह किसी तरह का विवाद नहीं चाहतीं. वह सिर्फ अपने परिवार को फिर से साथ देखना चाहती हैं.

कौन हैं IPS भानु प्रताप सिंह?

भानु प्रताप सिंह बिहार कैडर के IPS अधिकारी हैं. वह उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी के रहने वाले हैं. उन्होंने हिंदी साहित्य में मास्टर्स किया है. इसी विषय के साथ उन्होंने यूपी PCS और UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की.

बताया जाता है कि वर्ष 2018 से 2020 के बीच उन्होंने लगातार तीन बार UPSC की कठिन परीक्षा पास की.

मुजफ्फरपुर टाउन ASP रहते हुए मिली पहचान

ट्रेनिंग के बाद भानु प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण पोस्टिंग मुजफ्फरपुर में टाउन ASP के तौर पर हुई. इस दौरान उन्होंने सड़क पर गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की. उनकी पुलिसिंग शैली की वजह से उनकी पहचान एक कड़े अधिकारी के रूप में बनी. इसी दौरान उन्हें लेकर ‘लाठीचार्ज एक्सपर्ट’ जैसे नाम भी चर्चा में आए.

दानापुर ASP रहते हुए भी रहे चर्चा में

दानापुर ASP रहते हुए भानु प्रताप सिंह कई पुलिस कार्रवाइयों को लेकर चर्चा में रहे. इनमें दिसंबर 2024 की एक कार्रवाई भी शामिल है. इस दौरान बाहुबली विधायक रीतलाल यादव के भाई पिंकू यादव पर पुलिस ने कार्रवाई की थी. बताया गया कि पुलिस के दबाव के बाद पिंकू यादव ने आत्मसमर्पण किया था. इस कार्रवाई के बाद भानु प्रताप सिंह की सख्त और निडर अधिकारी की छवि और मजबूत हुई.

आरोपों पर दूसरे पक्ष का इंतजार

इस पूरे मामले में पूजा ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. ये सभी दावे उनके एक्सक्लूसिव बातचीत में दिए गए बयान पर आधारित हैं. आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

प्रभात खबर ने मामले में IPS भानु प्रताप सिंह और दूसरे संबंधित पक्ष का पक्ष जानने की कोशिश की है. उनका जवाब मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा.

Also Read: बिहार के चर्चित IPS अफसर पर पत्नी के गंभीर आरोप, बोलीं- 6 साल की बेटी को छीना, IPS मेस में कमरे में किया कैद

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन