बिहार के 12 जिलों में करीब 10 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित, हाई अलर्ट मोड में प्रशासन, NDRF-SDRF की टीमें तैनात
बिहार में बाढ़ की तस्वीर
Bihar Flood: बिहार में बाढ़ को लेकर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. 12 जिलों के लगभग 10 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. ऐसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट है. पीड़ितों के लिए राहत-बचाव का काम तेज कर दिया गया है. साथ ही कम्युनिटी किचन भी चलाया जा रहा है.
पटना से प्रह्लाद कुमार की रिपोर्ट
आपके शहर में
Bihar Flood: बिहार में गंगा समेत प्रमुख नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद बाढ़ का दायरा लगातार बढ़ रहा है. राज्य के 12 जिलों में करीब 10 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. जिसमें अरवल, पटना, भोजपुर, बक्सर, बेगूसराय, भागलपुर, मुंगेर, समस्तीपुर, खगड़िया, सारण, वैशाली और कटिहार के 50 से अधिक प्रखंड शामिल हैं.
प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य को तेज कर दिया गया है. साथ ही जिला प्रशासन के साथ-साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी है. प्रभावित लोगों तक भोजन, पेयजल, दवा और अन्य जरूरी सामग्री पहुंचाने के लिये बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं.
पीड़ितों के लिए चलाई जा रही सामुदायिक रसोई
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित जगहों तक पहुंचाने के साथ लोगों के लिए 36 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही है, जिसमें अब तक एक लाख 14 हजार से अधिक लोगों को खिलाया गया है. प्रभावित परिवारों के बीच ड्राइ फूड के करीब 2500 पैकेट भी बांटे गए हैं. जबकि शिविरों में अभी तक बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकाल कर 1553 लोगों को पहुंचाया गया है.
बाढ़ वाले इलाकों में 19 मोटरबोट एंबुलेंस
बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रखने के लिए 19 मोटरबोट एंबुलेंस का परिचालन किया जा रहा है. बाढ़ के कारण सड़क मार्ग से अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना मुश्किल होने की स्थिति में मोटरबोट एंबुलेंस महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. इनके माध्यम से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
लगाए गए 50 चिकित्सा शिविर
इतना ही नहीं, बाढ़ प्रभावित इलाकों में बीमारियों के फैलने की आशंका को देखते हुए 50 चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं. बाढ़ के कारण सड़क संपर्क प्रभावित होने वाले इलाकों में आवागमन के लिए 50 प्रखंडों में 912 नावों का परिचालन किया जा रहा है. नावों के माध्यम से प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगहों तक पहुंचाने के साथ ही राहत सामग्री, खाद्य पदार्थ और अन्य जरूरी सामान भी पहुंचाया जा रहा है.
राहत-बचाव की स्थिति एक नजर में
- प्रभावित जिले: 12
- बाढ़ से प्रभावित आबादी: करीब 10 लाख
- कम्युनिटी किचन: 36
- शिविरों में भोजन करने वाले लोग: 1.14 लाख से अधिक
- ड्राइ फूड पैकेट: करीब 2500
- एनडीआरएफ-एसडीआरएफ टीमें : 15
- मोटरबोट एंबुलेंस: 19
- चिकित्सा शिविर: 50
- नावों का परिचालन: 912
- नाव परिचालन वाले प्रखंड: 50
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए