Bihar Flood: कम बारिश फिर भी उफान पर गंगा-सोन समेत कई नदियां, इन जिलों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
पटना में गंगा नदी का बढ़ा जलस्तर
Bihar Flood News: बिहार में सामान्य से कम बारिश के बावजूद प्रमुख नदियां उफान पर हैं. गंगा, सोन, गंडक और सरयू का जलस्तर बढ़ने से कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. कई गांवों, खेतों और सड़कों तक पानी पहुंच गया है.
Bihar Flood News: बिहार में इस साल अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है. इसके बावजूद राज्य की कई प्रमुख नदियां उफान पर हैं. गंगा, सोन, कोसी, गंडक, सरयू और बागमती के बढ़ते जलस्तर ने कई जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है.
आपके शहर में
पटना, भोजपुर, बक्सर, सिवान, रोहतास, भागलपुर, बेगूसराय और पश्चिमी चंपारण में नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. कई इलाकों में पानी खेतों तक पहुंच चुका है. कुछ जगहों पर गांवों और सड़कों पर भी बाढ़ का असर दिखने लगा है.
रोहतास में सोन का जलस्तर बढ़ा, सड़क पर 4 फीट पानी
रोहतास के नौहट्टा इलाके में शुक्रवार को सोन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया. पहाड़ी नदियों का पानी रोहतास-यदुनाथपुर मुख्य मार्ग पर बहने लगा. कई जगहों पर सड़क पर तीन से चार फीट तक पानी जमा हो गया. इससे इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
भोजपुर के गांवों में घुसा गंगा का पानी
भोजपुर के शाहपुर प्रखंड के दियारा इलाकों में गंगा का पानी तेजी से फैल रहा है. पहले खेतों में पहुंचा पानी अब गांवों की ओर बढ़ने लगा है. लक्षुटोला, लालू डेरा, बहोरनपुर, सुहिया और दामोदरपुर पंचायत के कई गांव प्रभावित हुए हैं. लक्षुटोला गांव के वार्ड नंबर 13 और 14 में पानी घरों में प्रवेश करने लगा है.
सिवान में खतरे के निशान से ऊपर सरयू
सिवान के दरौली में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. शुक्रवार को यहां जलस्तर 61.11 मीटर दर्ज किया गया. खतरे का निशान 60.82 मीटर है. यानी नदी का पानी 29 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है. सोहागरा, सोनहुला, श्रीकलपुर, गुठनी, बलुआ और तीर बलुआ के निचले इलाकों में पानी पहुंच गया है. आंदर, रघुनाथपुर और सिसवन में भी जलस्तर बढ़ रहा है.
बक्सर में चार दिन में 4.5 मीटर बढ़ी गंगा
बक्सर में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. पिछले चार दिनों में नदी का पानी करीब 4.5 मीटर ऊपर आया है. शुक्रवार को जलस्तर करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था. दियारा क्षेत्रों के बाद अब चौसा के मैदानी इलाकों में भी पानी पहुंचने लगा है. रामरेखा घाट के विवाह मंडप में भी पानी घुस गया है. घाटों पर बैरिकेडिंग कर लोगों को नदी के करीब जाने से रोका जा रहा है.
भागलपुर में डेंजर लेवल से सिर्फ 19 सेमी नीचे गंगा
भागलपुर में गंगा का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है. शुक्रवार शाम छह बजे नदी का जलस्तर 32.49 मीटर दर्ज किया गया. यहां वार्निंग लेवल 32.68 मीटर है. यानी गंगा चेतावनी स्तर से महज 19 सेंटीमीटर नीचे है. बरारी, रजंदीपुर, फरका, बाबूपुर, घोषपुर और ममलखा के दियारा इलाकों में खेतों में पानी फैल चुका है.
पश्चिमी चंपारण में कटाव से 500 मीटर सड़क नदी में समाई
पश्चिमी चंपारण में गंडक नदी का कटाव भी चिंता बढ़ा रहा है. रेवहिया गांव में करीब 500 मीटर पक्की सड़क नदी में समा चुकी है. कटाव की वजह से प्राथमिक विद्यालय चिउरही उर्दू का भवन और बाउंड्री भी प्रभावित हुई है. पैक्स गोदाम भी कटाव की भेंट चढ़ चुका है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मुंगेर में प्रशासन अलर्ट, नावों की व्यवस्था
मुंगेर में गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है. संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. आपदा विभाग ने प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नावों की व्यवस्था की है. नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
नेपाल और मध्य प्रदेश की बारिश का असर
बिहार की नदियों में बढ़ते जलस्तर के पीछे ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में हुई बारिश को प्रमुख वजह माना जा रहा है. नेपाल और मध्य प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हुई बारिश का पानी बिहार की नदियों में पहुंच रहा है.
केंद्रीय जल आयोग ने गंगा, सोन, गंडक समेत प्रमुख नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने की सलाह दी है. आने वाले दिनों में जलस्तर और बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है.
कम बारिश के बावजूद नदियों का बढ़ता पानी बिहार के लिए नई चुनौती बन गया है. ऐसे में नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
Also Read: बिहार में खुलेंगे नए बालू घाट, 15 अक्टूबर के बाद शुरू होगी नीलामी, जानें सरकार का पूरा प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए