नेपाल में भारी बारिश से बिहार में आफत, गंगा, कोसी, कमला समेत कई नदियां उफान पर, मंडराया बाढ़ का खतरा
सांकेतिक तस्वीर
Bihar Flood Alert: नेपाल में हो रही लगातार बारिश की वजह से बिहार में खतरा मंडराने लगा है. राज्य में गंगा, कोसी, कमला समेत कई नदियां उफन आईं हैं. इसकी वजह से कई जिलों में बाढ़ का खतरा सताने लगा है. ऐसे में तटीय इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है.
Bihar Flood Alert: बिहार में गंगा, कोसी समेत इनकी कई सहायक नदियां उफान पर हैं. उत्तर बिहार और नेपाल में हो रही बारिश के कारण खतरा मंडराने लगा है. नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. प्रशासन ने तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी है और सभी इंजीनियरों को अलर्ट पर रखा गया है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वीरपुर बराज के 29 फाटक खोल दिए गए हैं, जबकि सुरक्षा के दृष्टिकोण से लालबत्ती जला दी गई है.
आपके शहर में
कोसी बराज से पानी के बहाव में तेजी
जानकारी के मुताबिक, वीरपुर स्थित कोसी बराज से पानी के बहाव में बढ़ोतरी दर्ज की गई. रविवार शाम 6 बजे कोसी बराज से डाउन स्ट्रीम में 2,11,735 क्यूसेक पानी का बहाव दर्ज किया गया. जबकि पूर्वी कोसी मुख्य नहर में जल प्रवाह शून्य रहा. साथ ही पश्चिमी कोसी मुख्य नहर में 3,400 क्यूसेक पानी छोड़ा गया.
इन पंचायतों में बढ़ी परेशानी
इस तरह से टोटल जल प्रवाह 2,15,135 क्यूसेक रिकॉर्ड किया गया. बराह इलाके में शाम 6 बजे 1,56,000 क्यूसेक पानी का बहाव दर्ज किया गया. पूर्वी कोसी तटबंध के अंदर के ढोली, बनैनिया, बलथरवा, कटैया, भुलिया, सियानी, उग्रीपटी, लौकहा, कवियाही सहित अन्य पंचायतों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
नाव ने आने-जाने के लिए मजबूर
ढोली और सियानी गांव में लोगों के घर-आंगन में बाढ़ का पानी फैल गया है. तटबंध के अंदर के लोग निजी और भाड़े की नाव से आवाजाही कर रहे हैं. दूसरी तरफ, मुंगेर में गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के कारण पानी दियारा इलाकों में फैलना शुरू हो गया है. गोपालपुर (भागलपुर) के इस्माईलपुर-बिंद टोली स्थित स्पर-07 पर गंगा नदी के जल स्तर में रविवार सुबह बढ़ोतरी दर्ज की गई.
गंडक का जलस्तर खतरे के निशान के पार
नेपाल में हो रही बारिश से पूर्वी चंपारण की नदियां उफना गईं हैं. लालबकेया, लालबकेया गोआबारी, लालबकेया सिकरहना, गंडक चटिया, डुमरियाघाट गंडक और अहिरौलिया बूढ़ी गंडक सहित सभी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
जिला प्रशासन अलर्ट
वाल्मीकिनगर बराज से एक लाख 36200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. पानी आने के साथ जहां गंडक डुमरियाघाट में खतरे से ऊपर चली गई है. अन्य नदियों में पानी अभी सामान्य स्थिति में है. बाढ़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह से एक्टिव मोड में आ गया है. नदियों के साथ सभी तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है.
Also Read: बिहार में 4988 करोड़ की लागत से गंगा नदी पर सिक्स लेन पुल बनकर तैयार, इन जिलों को मिलेगा फायदा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए