Bihar Election 2020 LIVE Update: तेज प्रताप यादव ने लगाया चुनाव प्रचार के दौरान हमला करने का आरोप
Bihar Election 2020 LIVE News Update: बिहार चुनाव में छाए सियासी समर के बीच मुंगेर हिंसा गोलीकांड का मुद्दा गर्माया हुआ है. पहले चरण के मतदान के बाद दूसरे चरण को लेकर नेताओं की जार आजमाइश जारी है. आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर है. शुक्रवार सुबह ही तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर सीएम नीतीश पर करारा हमला बोला है. बिहार चुनाव 2020 & बिहार विधानसभा चुनाव 2020 से जुड़ी खबर की अपडेट के लिए बने रहें Prabhatkhabar.com के साथ
पहले चरण में किसी भी जगह री पोल की अनुशंसा नहीं
विधान सभा चुनाव के पहले चरण की 71 सीटों के किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान नहीं होगा. निर्वाची प्रेक्षक, पदाधिकारी और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार ने भारत निर्वाचन आयोग को आल इज वेल की रिपोर्ट भेज दी है. गुरुवार को आयोग के निर्देशों के अनुसार सामान्य प्रेक्षकों ने उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों की उपस्थिति में पहले चरण के मतदान के बाद समीक्षा की. पर्यवेक्षकों ने अभिलेखों और उम्मीदवारों द्वारा दी गयी जानकारी के आधार पर यह तथ्य निकाला है कि 31,371 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई.
Tej pratap yadav News: तेज प्रताप यादव ने लगाया हमला करने का आरोप
हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के राजद प्रत्याशी सह पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन पर हमला किया गया. हमले में उनका वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया. सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से वह बाल-बाल बच गये. सुरक्षाकर्मियों ने हमला करने वाले एक व्यक्ति को पकड़ लिया है.डीएसपी सहरियार अख्तर ने बताया कि घटना की सूचना मिली है. पुलिस को जांच के लिए भेजा गया है.
राजद की संगत में आकर रिकॉर्ड बनाने से चूकी कांग्रेस
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा है कि पिछले आम चुनावों के बाद सिर्फ और सिर्फ राजद के कारण कांग्रेस इस चुनाव में भी एक नया कीर्तिमान स्थापित करने से चूक गयी है. अगर उन्होंने राजद के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया होता, तो कांग्रेस देश की पहली ऐसी राष्ट्रीय पार्टी होती जिसकी सभी विधानसभा सीटों पर जमानत जब्त हो गयी होती. यह बात कांग्रेस भी जानती है. इसी वजह से हर चुनाव में यह राजद को गीदड़-भभकी देने से शुरुआत करते हैं और अंत में लाठी के सामने घुटने टेक कर नतमस्तक हो जाते हैं.
औवेसी ने राजद, भाजपा, जदयू पर साधा निशाना
एआइएमआइएम के सुप्रीमो असदउद्दीन औबेसी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना बनाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी सबसे कमजोर पार्टी है. कांग्रेस का वोटर मोदी की दीवानगी में वोट करता हैं. बिहार में 15 साल राजद व 15 साल नीतीश कुमार के सुशासन को भी जनता देख चुकी हैं. दोनों ने 30 साल के कार्यकाल ने बिहार व बिहार की जनता को हासिये पर लाकर खड़ा कर दिया. सत्ता पाने के लिए अकलियतों के साथ इंसाफ नहीं की. सत्ता का सुख पाने के लिए मुसलमानों का सिर्फ वोटर के रूप में इस्तेमाल किया गया.
उक्त बातें शुक्रवार को भागलपुर नाथनगर के चर्च मैदान में कही. वे भागलपुर शहर के रालोसपा प्रत्याशी सैय्यद शाह अली सज्जाद, नाथनगर विधानसभा से बसपा प्रत्याशी अशोक कुमार आलोक के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कांग्रेस, राजद व भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि जब-जब चुनाव आता है. सत्ता पाने के लिए जनता को तरह-तरह से बहकाया जाता है. उन्होंने 1989 के दंगे का जिक्र करते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया. उन्होंने लालू यादव ने बिहार में 15 साल राज का जिक्र करते हुए निशाना साधा.
तेजस्वी यादव की बढ़ाई जाएगी सुरक्षा
चुनाव आयोग ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा बढ़ाने के लिए सभी जिलों के डीएम और एसपी को पत्र लिखा है. राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं ने तेजस्वी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी.
सरकार की बर्खास्तगी को लेकर राज्यपाल से मिले कांग्रेसी
मुंगेर गोलीकांड को लेकर सीआइएसएफ की जारी कथित रिपोर्ट के वायरल होने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ मदन मोहन झा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को राज्यपाल फागू चौहान से मिला़ प्रतिनिधिमंडल ने घटना के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहरायते हुए प्रदेश सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है़ राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया कि राज्यपाल का स्वास्थ्य थोड़ा खराब था, इसके बाद भी उन्होंने मामले की गंभीरता को समझा व हमको मिलने के लिए समय दिया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए