भोजपुर पुलिस पर पिस्टल तानने वाले युवक की मौत, पुलिस मुठभेड़ में दोनों पैरों में लगी थी गोली, PMCH में तोड़ा दम

युवक को अस्पताल ले जाती पुलिस
Bhojpur Police Encounter : भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में बुधवार की सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली से जख्मी मानसिक रूप से परेशान युवक भरत तिवारी की मौत हो गई. इलाज के दौरान पटना के पीएमसीएच में उसने दम तोड़ दिया.
Bhojpur Police Encounter : भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तानने वाले युवक एवं पुलिस के बीच बुधवार की सुबह मुठभेड़ हो गई थी. इस दौरान युवक को दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था. पुलिस द्वारा उसे इलाज के लिए शाहपुर रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया था.
इलाज के दौरान हुई मौत
घायल भरत भूषण तिवारी को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना भेजा गया. जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
हथियार और कारतूस बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और दो खोखा बरामद किए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
मानसिक रूप से परेशान था युवक
बताया जाता है कि भरत तिवारी मानसिक रूप से परेशान था. उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. जिसके बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस जांच करने मंगलवार को उसके घर पहुंची थी. समझाने के दौरान युवक अचानक उग्र हो गया था और पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तान दी थी. गोली मारने की भी धमकी देने लगा था. हालांकि उस वक्त थानाध्यक्ष और युवक की मां के द्वारा उसे किसी तरह शांत कराया गया था.
वायरल वीडियो में साफ से देखा जा रहा था कि अर्ध निर्मित मकान में खटिया पर उक्त युवक पिस्टल लेकर लेटा है थानाध्यक्ष बगल में कुर्सी पर बैठकर उससे बात कर रहे है. बगल में एक महिला भी बैठी है. बातचीत के दौरान हथियार लिए दो पुलिसकर्मी उसकी तरफ जैसे बढ़े. तभी उन्हें देखकर युवक अचानक उग्र हो जाता है और पिस्टल तान देता है. उसके बाद से ही पुलिस उसे अपने कब्जे में लेने के प्रयास में लगी हुई थी.
पुलिस पर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग
बुधवार की सुबह जब पुलिस उसे पकड़ने के प्रयास में फिर से बिलौटी गांव पहुंची. इस दौरान युवक द्वारा पुलिस को पिस्टल लेकर दौड़ाया जाने लगा और गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दी जाने लगी. इसके बाद युवक द्वारा पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई. जवाबी कार्रवाई में जब पुलिस ने फायरिंग की तो उसे दोनों पैर में गोली लग गई और ईलाज के दौरान पटना के पीएमसीएच में मौत हो गई.
एसपी बोले-युवक ने दो दर्जन से अधिक फायरिंग की
एसपी मिस्टर राज ने बताया कि मानसिक रूप से परेशान युवक ने अब तक पुलिसकर्मियों समेत अन्य जगहों पर दो दर्जन से अधिक फायरिंग की थी. पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान उसने भी गोली चलायी थी, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां उसके पैर में लगीं थी. बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










