पत्नी के बुलावे पर ससुराल गया युवक, सिर में गंभीर चोट के बाद मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Updated:
विज्ञापन

मनोहर का फाइल फोटो

पत्नी के बुलावे पर ससुराल पहुंचा 35 वर्षीय युवक मनोहर यादव की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मिलकर लाठी-डंडों से पीटकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोदीपुर गांव के 35 वर्षीय मनोहर यादव की मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि पत्नी ने अस्पताल में भर्ती होने का बहाना बनाकर उसे ससुराल बुलाया और वहां पत्नी, साला, सास, ससुर व साली ने मिलकर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद मनोहर को पहले बांका सदर अस्पताल और फिर मायागंज अस्पताल रेफर किया गया, जहां कई दिनों तक इलाज के बाद देर रात उसकी मौत हो गई.

अस्पताल में पत्नी नहीं मिली, विरोध करने पर मारपीट का आरोप

मृतक के भाई रंजीत यादव ने आरोप लगाया कि 3 अगस्त को मनोहर की पत्नी अनिशा देवी ने फोन कर कहा कि वह अस्पताल में भर्ती है.

पत्नी की बात सुनकर मनोहर उसी दिन बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के लबोखार स्थित ससुराल पहुंच गया.

परिजनों के अनुसार, वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि पत्नी अस्पताल में भर्ती ही नहीं थी. इसी बात को लेकर मनोहर ने विरोध जताया, जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की.

शाम को गांव के व्यक्ति ने दी घायल होने की सूचना

रंजीत यादव ने बताया कि उसी दिन शाम करीब 5 बजे गांव के गणेश बाबा नामक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि मनोहर घायल है और अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जब परिवार के लोग बांका सदर अस्पताल पहुंचे, तो मनोहर वहां अकेला मिला.

सिर में चोट मिलने पर मायागंज किया गया रेफर

बांका सदर अस्पताल में मनोहर का सिटी स्कैन कराया गया, जिसमें उसके सिर में गंभीर चोट की पुष्टि हुई.

इसके बाद उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया गया.

4 अगस्त को मायागंज अस्पताल में भर्ती होने के बाद उसका इलाज चलता रहा, लेकिन गुरुवार देर रात उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

घायल अवस्था में भाई को बताई थी पूरी घटना

मृतक के भाई का दावा है कि घायल अवस्था में मनोहर ने स्वयं बताया था कि ससुराल पहुंचने के बाद जब वह कपड़े बदल रहा था, तभी पत्नी, साला, सास, ससुर और साली ने मिलकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी.

परिजनों का आरोप है कि इसी मारपीट के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जो बाद में जानलेवा साबित हुई.

शादी के बाद से ससुराल में नहीं रहना चाहती थी पत्नी

परिवार के अनुसार, मनोहर यादव की शादी वर्ष 2024 में अनिशा देवी से हुई थी.

दोनों की कोई संतान नहीं थी.

रंजीत यादव ने बताया कि मनोहर आम-फल के व्यवसाय से जुड़ा था और सीजन खत्म होने के बाद कमाई के लिए दिल्ली चला जाता था.

उनका आरोप है कि पत्नी मनोहर के गांव में रहने तक किसी तरह ससुराल में रहती थी, लेकिन उसके दिल्ली जाते ही मायके चली जाती थी.

पत्नी को घर लाने की उम्मीद में गया था मनोहर

परिजनों का कहना है कि मनोहर अपनी पत्नी को वापस ससुराल लाना चाहता था.

पत्नी करीब छह महीने से मायके में रह रही थी.

इसी बीच पत्नी के फोन आने पर वह उसे घर लाने की उम्मीद में ससुराल गया था.

परिवार का आरोप है कि घायल होने के बाद भी ससुराल पक्ष का कोई सदस्य अस्पताल में उसे देखने तक नहीं आया.

Bhagalpur News: पुलिस को दी गई सूचना, परिजनों ने कार्रवाई की मांग की

मायागंज अस्पताल में मौत होने के बाद बरारी कैंप थाना पुलिस ने घटना की सूचना बांका के बाराहाट थाना को दे दी.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

मृतक के पिता शंकर यादव ने पत्नी अनिशा देवी, ससुर वासुदेव यादव, साला सौरभ यादव, साली अंजली कुमारी और सास के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है.

फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी संबंधित थाना को भेज चुकी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.

Also Read: बिहार : स्कूल बढ़े पर 38.5% स्टूडेंट ही 12वीं तक पहुंचे, पढ़ाई छोड़कर कहां जा रहे हैं बच्चे?

Also Read: वाघा बॉर्डर की तर्ज पर पूर्णिया में आज रात 12:01 बजे फहरेगा तिरंगा, पढ़ें 1947 से चली आ रही इस अद्भुत परंपरा का इतिहास


विज्ञापन
Atul Kumar

लेखक के बारे में

By Atul Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन