लोहिया पुल पर स्ट्रीट लाइट का पोल मस्जिद पर गिरा, कमजोर रेलिंग से बढ़ा हादसे का खतरा

Updated:
विज्ञापन

फोटो- स्ट्रीट लाइट का एक पोल अचानक झुककर मस्जिद पर गिर गया

भागलपुर के लोहिया पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब स्ट्रीट लाइट का एक पोल कमजोर रेलिंग के कारण झुककर नीचे गिर गया. गनीमत रही कि यह मस्जिद पर गिरा, सड़क पर नहीं. पुल की जर्जर हालत राहगीरों के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई है.

विज्ञापन

भागलपुर. लोहिया पुल की कमजोर हो चुकी रेलिंग अब हादसे का संकेत देने लगी है. शनिवार को पुल पर लगा स्ट्रीट लाइट का एक पोल अचानक झुककर पश्चिम दिशा की ओर स्थित मस्जिद पर गिर गया. पोल मस्जिद के सहारे अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. गनीमत रही कि पोल सड़क की ओर नहीं गिरा. यदि ऐसा होता तो पुल से गुजर रहे वाहन और राहगीर इसकी चपेट में आ सकते थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

जाम के बीच गिरा पोल, दूसरे पोल को लेकर भी संशय

जिस समय स्ट्रीट लाइट का पोल गिरा, उस वक्त लोहिया पुल पर वाहनों की आवाजाही जारी थी और जाम की स्थिति बनी हुई थी. सड़क की ओर पोल गिरने पर कई वाहन इसकी चपेट में आ सकते थे और लोगों के घायल होने की आशंका थी.

पोल गिरने के बाद अब पुल पर लगे अन्य स्ट्रीट लाइट के पोल की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. सभी पोल लगभग एक समान आकार, ऊंचाई और वजन के हैं. ऐसे में कमजोर रेलिंग दूसरे पोल का भार कितना संभाल पायेगी, इसे लेकर चिंता बढ़ गयी है.

पांच साल से क्षतिग्रस्त है ज्वाइंट एक्सपेंशन

लोहिया पुल की सड़क की स्थिति भी लंबे समय से खराब है. पुल का ज्वाइंट एक्सपेंशन पांच साल से अधिक समय से क्षतिग्रस्त है. फिलहाल इसमें मेटेरियल डालकर सील कर दिया गया है. इसके बावजूद पुल की सड़क पर समस्या बनी हुई है.

मोजाहिदपुर थाना की ओर पुल के हिस्से में जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बने हुए हैं. इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और आए दिन दुर्घटना होने की बात सामने आती है. गड्ढों से निकले नुकीले छड़ भी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं.

फुटपाथ भी जर्जर, चेकर ब्लॉक कई जगह उखड़े

लोहिया पुल का फुटपाथ भी जर्जर हो चुका है. पिछले साल नगर निगम की ओर से बिछाये गये चेकर ब्लॉक भी कई जगहों से उखड़ गये हैं. इससे पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है. पुल की सड़क, रेलिंग और फुटपाथ की स्थिति को देखते हुए नियमित मरम्मत की जरूरत महसूस की जा रही है.

रात नौ बजे के बाद बढ़ जाता है ट्रकों का दबाव

लोहिया पुल पर रात नौ बजे के बाद भारी वाहनों का दबाव बढ़ जाता है. बाइपास बनने के बाद ट्रकों को शहर से बाहर निकालने की व्यवस्था की गयी थी, ताकि शहर के अंदर दुर्घटना का खतरा कम हो. स्थानीय लोगों के अनुसार अब रात के समय ट्रक फिर से शहर के रास्ते लोहिया पुल से गुजरने लगे हैं. इससे पुल पर वाहनों का दबाव और दुर्घटना की आशंका बढ़ रही है.

नगर निगम ने पोल हटाने का काम शुरू कराया

नगर निगम के शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि गिरे हुए स्ट्रीट लाइट के पोल को हटाने के लिए मिस्त्री भेजा गया है. आवागमन को सुरक्षित रखने के लिए पोल हटाने का काम कराया जा रहा है. इसमें बिजली विभाग की भी मदद ली जा रही है. उन्होंने बताया कि रेलिंग कमजोर होने के कारण स्ट्रीट लाइट का पोल झुककर गिर गया.

सड़क चौड़ीकरण के दौरान होगी पुल की मरम्मत : आरसीडी

आरसीडी के इंजीनियर ने बताया कि फिलहाल लोहिया पुल की मरम्मत को लेकर अलग से कोई कार्ययोजना नहीं बनी है. अलीगंज तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान ही कांट्रैक्टर से लोहिया पुल की सड़क की मरम्मत भी करा दी जायेगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन