लैलख स्टेशन पर जवान की हत्या के बाद आरपीएफ सख्त, अब रात में अकेले ड्यूटी नहीं करेंगे जवान

Updated:
विज्ञापन
लैलख स्टेशन पर जवान की हत्या के बाद आरपीएफ सख्त, अब रात में अकेले ड्यूटी नहीं करेंगे जवान

लैलख स्टेशन पर आरपीएफ जवान की हत्या के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है. घटना के बाद आरपीएफ ने अहम निर्णय लेते हुए रात के समय जवानों की अकेले ड्यूटी पर रोक लगा दी है. अब संवेदनशील स्टेशनों और रेलवे परिसरों में जवानों की तैनाती जोड़ी में की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके और सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके.

विज्ञापन

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट :

लैलख स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ जवान की हत्या की घटना के बाद पूर्व रेलवे का आरपीएफ मुख्यालय सख्त हो गया है. इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ ने रेल अपराधियों के खिलाफ सख्त रणनीति तैयार कर ली है. अब रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है.

रात की ड्यूटी के लिए नयी गाइडलाइन

आरपीएफ के डीआईजी रफीक अहमद अंसारी ने बताया कि अब रात में ड्यूटी के दौरान किसी भी स्टेशन पर एक जवान की तैनाती नहीं की जायेगी. उन्होंने निर्देश दिया है कि ड्यूटी के दौरान एक जवान तैनात करने की व्यवस्था को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया है. अब रात में एक से अधिक जवानों की तैनाती अनिवार्य होगी. साथ ही, ड्यूटी पर तैनात जवानों को पोस्ट से लगातार संपर्क में रहना होगा, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

सुरक्षा व्यवस्था में होगा बदलाव

डीआईजी ने सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए कई अहम निर्देश दिये हैं. बहुत जल्द आरपीएफ जवानों की संख्या बढ़ायी जायेगी. अब जवानों की तैनाती मनमाने तरीके से नहीं, बल्कि संबंधित स्टेशन की संवेदनशीलता और स्थिति को देखते हुए की जायेगी. वरिष्ठ अधिकारी अब स्टेशनों और हॉल्ट का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का मुआयना करेंगे. अब हर हाल में स्टेशन पर दो या दो से अधिक जवानों की तैनाती सुनिश्चित की जायेगी.

अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

डीआईजी ने चेतावनी देते हुए कहा कि रेल अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा. यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशनों की निगरानी आरपीएफ की पहली प्राथमिकता है. इस रूट पर रेल अपराधियों पर नकेल कसने और उनके पूरी तरह सफाए के लिए एक ठोस खाका तैयार कर लिया गया है. जवानों को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें.

विज्ञापन
संजीव झा

लेखक के बारे में

By संजीव झा

संजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन