नवगछिया में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: जमीन-मकान के लिए बेटों और बहुओं ने माता-पिता को पीटा

Updated:
विज्ञापन
जमीन-घर अपने नाम कराने के लिए बेटों ने माता-पिता को पीटा, घर से निकालने की धमकी

इलाजरत मां

Land Dispute: भागलपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कलयुगी बेटों और बहुओं ने संपत्ति के लालच में अपने ही माता-पिता को बेरहमी से पीटा. बुजुर्ग दंपती को जान से मारने की धमकी देकर घर से खदेड़ दिया गया.

विज्ञापन

Land Dispute: भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेसर कॉलोनी से कलयुगी बेटों की घिनौनी करतूत सामने आई है. यहाँ आलीशान मकान और कीमती जमीन अपने नाम लिखवाने के लिए दो सगे बेटों और उनकी पत्नियों ने मिलकर अपने ही बुजुर्ग माता-पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर घर से खदेड़ दिया.

कलयुगी बेटों और बहुओं ने मिलकर ढाया जुल्म

पीड़ित दंपती ने नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में अपना प्राथमिक उपचार कराने के बाद स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ितों की पहचान प्रोफेसर कॉलोनी निवासी गोपाल साह (55 वर्ष, पिता- स्वर्गीय बीरो साह) और उनकी पत्नी किरण देवी (48 वर्ष) के रूप में हुई है. उन्होंने अपने दोनों बेटों कन्हैया साह व दीपक साह और दोनों बहुओं सपना देवी व अंशु देवी के खिलाफ प्रताड़ना और जानलेवा हमले का नामजद आवेदन दिया है.

विरोध करने पर मिली जान से मारने की धमकी

थाने में दिए आवेदन के अनुसार, दोनों बेटे और बहुएं पिछले काफी समय से बुजुर्ग माता-पिता पर पैतृक मकान और जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करने का मानसिक दबाव बना रहे थे. बुधवार-गुरुवार को जब वृद्ध माता-पिता ने अपनी संपत्ति देने से साफ इनकार किया, तो चारों आरोपियों ने मिलकर दोनों को लात-घूंसों और डंडों से पीटना शुरू कर दिया. गोपाल साह का आरोप है कि उनके बेटों ने सीधे शब्दों में धमकी दी है कि यदि जल्द ही पूरी संपत्ति उनके नाम ट्रांसफर नहीं की गई, तो वे दोनों को जिंदा नहीं छोड़ेंगे.

अपना घर छोड़ बेटी के यहाँ शरण लेने को हुए मजबूर

गंभीर रूप से चोटिल किरण देवी ने रोते हुए बताया कि घर में आए दिन उनके और उनके पति के साथ गाली-गलौज, मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया जाता है. बेटों की बढ़ती प्रताड़ना और खौफ के कारण हालात इतने बदतर हो गए कि इस उम्र में उन्हें अपना खुद का घर छोड़ना पड़ा और वे जान बचाने के लिए अपनी शादीशुदा बेटी के घर जाकर शरण लेने को मजबूर हो गए हैं.

Land Dispute: पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

हादसे के बाद सहमे हुए पीड़ित दंपती किसी तरह नवगछिया थाना पहुंचे और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए चारों आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. नवगछिया थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पारिवारिक संपत्ति विवाद में वृद्ध माता-पिता के साथ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की एक टीम प्रोफेसर कॉलोनी भेजकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

भागलपुर की ख़बरों को पढने के लिए यहाँ क्लिक करें !

पटना: राजस्व और भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने लिया बड़ा फैसला. कहा- अब राजस्व विभाग के सारे काम ऑनलाइन होंगे.


विज्ञापन
Anjani Kumar

लेखक के बारे में

By Anjani Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन