कोसी के दबाव में बनिया का पुराना रेल बांध टूटा, गांव में घुसा पानी

Updated:
विज्ञापन

बनिया गांव में पुराना रेल बांध टूटने के बाद फैला बाढ़ का पानी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

नवगछिया के रंगरा प्रखंड में कोसी नदी का बांध टूटने से बनिया गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है. अफरातफरी के बीच ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की ओर भाग रहे हैं. प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है.

विज्ञापन

Banian flood Navagachia: नवगछिया में रंगरा प्रखंड के बनिया गांव के पास कोसी नदी के दबाव में गुरुवार देर रात पुराना रेल बांध टूट गया. रात करीब 11 बजे बांध टूटने के बाद पानी तेजी से बनिया गांव के रिहायशी इलाके में फैल गया. अचानक घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गयी. लोग बच्चों और जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए रात में ही घरों से निकलने लगे. इसके बाद बाढ़ का पानी खेतों और सड़कों की ओर फैलता चला गया, जिससे आसपास के इलाकों में भी खतरा बढ़ गया है.

विज्ञापन

रात में अचानक घरों में घुसा पानी

ग्रामीण मु. शमशाद ने बताया कि रात में बांध टूटने की सूचना मिली. उस समय बारिश के साथ तेज हवा भी चल रही थी. अचानक पानी बढ़ने से लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला. देखते ही देखते बनिया गांव के कई हिस्सों में बाढ़ का पानी पहुंच गया.

बाढ़ का पानी प्राथमिक विद्यालय खरबार टोला बनिया में भी घुस गया है. विद्यालय परिसर में पानी भरने और लगातार बने बाढ़ के खतरे को देखते हुए स्कूल बंद कर दिया गया है. इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि पानी लगातार फैल रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखने की जरूरत है.

14 नंबर सड़क पर ओवरफ्लो, यातायात प्रभावित

बनिया को नवगछिया से जोड़ने वाली 14 नंबर सड़क पर भी बाढ़ का पानी ओवरफ्लो कर गया है. इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होने लगा है. वहीं साधोपुर से जहांगीरपुर बैसी जाने वाली सड़क पर भी पानी चढ़ गया है.

बाढ़ के पानी ने साधोपुर और बैसी बहियार की करीब एक हजार एकड़ में लगी मक्का और धान की फसल को प्रभावित किया है. किसानों के सामने अब खेतों में खड़ी फसल के साथ मवेशियों और घर-गृहस्थी को सुरक्षित रखने की चुनौती है. ग्रामीणों के अनुसार बनिया के बाद पानी साधोपुर की ओर बढ़ रहा है. इससे साधोपुर, मधुसूदनपुर बैसी, भवानीपुर और नवादा क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गयी है.

रात में पहुंचे एसडीओ, डीएम ने भी लिया जायजा

बांध टूटने की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी परीक्षित रात में ही मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और कटाव को नियंत्रित करने के लिए तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया. बांध को और अधिक कटने से रोकने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है. प्रशासनिक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.

शुक्रवार को जिलाधिकारी अलकृता पांडेय भी बनिया पहुंचीं. उन्होंने टूटे बांध और बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली. डीएम ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने का निर्देश दिया.

Banian flood Navagachia: धोबनिया बांध में भी 20 फीट कटाव

इधर, रंगरा क्षेत्र में ही धोबनिया जमींदारी बांध में करीब 20 फीट कटाव के बाद प्रशासन ने बचाव कार्य तेज किया है. जिलाधिकारी अलकृता पांडेय, पुलिस अधीक्षक नवगछिया वैभव शर्मा और एसडीओ परीक्षित ने संवेदनशील तटबंधों का निरीक्षण किया.

धोबनिया बांध में डॉवल निर्माण, बांस पाइलिंग, एनसी कार्य और बालू से भरे बोरे लगाने का काम चल रहा है. नदी की ओर प्लास्टिक शीट लगाकर उसके ऊपर बालू से भरे बोरे रखे जा रहे हैं, ताकि पानी के दबाव को कम किया जा सके. बांध पर ओवरटॉपिंग के पानी को नियंत्रित करने के लिए भी उपाय किये जा रहे हैं.

अधिकारियों ने ब्रह्मोत्तर बांध का भी निरीक्षण किया, जहां ब्रीच को नियंत्रित कर लिये जाने की जानकारी दी गयी. अधिकारियों ने संवेदनशील तटबंधों पर लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये हैं.

Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज

Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन