Bhagalpur News. इंटर परीक्षा शुरू, लेट पहुंचे दो दर्जन परीक्षार्थियों की छूटी परीक्षा, दो निष्कासित

इंटर परीक्षा शुरू, जिले में 59 केंद्र बने.
— जिले के 59 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुई दो पालियों में हुई परीक्षा
बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा समिति के बैनर तले सोमवार से इंटर की परीक्षा शुरू हो गयी. पहले दिन देर से पहुंचे करीब दो दर्जन परीक्षार्थियों की परीक्षा विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा छूट गयी. जिन विद्यार्थियों की परीक्षा छूटी अधिकांश ने शिकायत की कि जाम की वजह से वह लेट पहुंचे. प्रथम पाली में सुबह नौ बजे के बाद व दूसरी पाली में दोपहर 1.30 बजे के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश पर रोक दिया गया. प्रथम पाली की परीक्षा में दो परीक्षार्थी को कदाचार के आरोप में निष्कासित किया है. जिले के 59 केंद्रों पर परीक्षा को लेकर सुरक्षा का पुख्ता व्यवस्था करायी गयी थी. पहले दिन प्रथम पाली में बायोलॉजी व दर्शनशास्त्र विषय की परीक्षा हुई. दूसरी पाली में आइए व आईकॉम के परीक्षार्थियों के अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा थी. प्रथम पाली में कुल 14088 उपस्थित व 254 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. दूसरी पाली में 2149 उपस्थित व 66 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. दोनों पाली मिला कर कुल 16557 परीक्षार्थियों का केंद्र बनाया गया था. उधर, डीइओ राज कुमार शर्मा ने कहा कि दो परीक्षा केंद्र को छोड़ सभी केंद्रों पर परीक्षा कदाचार मुक्त कराया गया.
छात्र के जेब से चिट पुर्जा निकलने पर निष्कासित
झुरखुरिया स्थित तक्षशिला विद्यापीठ से पहली पाली में परीक्षा के दौरान एक छात्र के जेब से चिट पुर्जा मिलने पर निष्कासित किया गया है. इसी तरह बरारी स्थित आरएसएमएस बालिका विद्यालय में पहली पाली में एक छात्र परीक्षा से निष्कासित हुए, केंद्राधीक्षक ने कहा कि परीक्षार्थी को बार-बार तक झांक करने से मना किया जा रहा था. इसके बाद भी छात्र नहीं सुन रहा था.परीक्षा छूटने पर छात्राओं की आंखों में आंसू व चेहरे पर छायी मायूसी
मारवाड़ी पाठशाला परीक्षा केंद्र पर परीक्षा छूटने पर छात्राओं की आंखों में आंसू व चेहरे पर मायूसी छायी रही. हालांकि उन परीक्षार्थियों ने काफी आरजू-मिन्नत किया. सर साल बर्बाद हो जायेगा. लेकिन किसी ने नहीं सुना.
सबौर की छात्रा मनीषा कुमारी ने बताया कि शहर के जाम में फंसने के कारण निर्धारित समय से परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पायी. निर्धारित समय से छह मिनट लेट थे. साहेबगंज की प्राची कुमारी ने बताया कि मात्र चार मिनट विलंब से पहुंचे हैं. क्योंकि एडमिट कार्ड में परीक्षा शुरू होने का समय 9.30 बताया गया था. उनका कहना था कि एडमिट कार्ड में सुबह नौ बजे पहुंचने की बात स्पष्ट नहीं लिखा था. इशाकचक की छात्रा सोनी कुमारी ने बताया कि बच्चे अचानक बीमार पड़ गयी थी. घर में देखभाल के लिए कोई नहीं था. ऐसे में बच्चों को साथ लेकर आना पड़ा. केंद्र पर पहुंचने में तीन मिनट ही देरी हुआ था. इसके अलावा प्रथम व दूसरी पाली मिलाकर आदर्श परीक्षा केंद्र श्याम सुंदर उच्च विद्यालय से चार, बरारी उच्च विद्यालय से पांच, इंटर स्तरीय जिला स्कूल से तीन, सिटी कॉलेज से सात, उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल से चार परीक्षार्थियों की परीक्षा जाम व लेट आने के कारण छूट गयी. हालांकि, कुछ केंद्रों पर दो से पांच मिनट भी लेट आने पर परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया.आदर्श परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों लगाया गया तिलक व टीका
श्याम सुंदर इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय, टीएनबी कॉलेजिएट स्कूल, सीसी बालिका उच्च विद्यालय व इंटर स्तरीय सरसहाय विद्यालय कहलगांव आदर्श परीक्षा केंद्रों को छात्राओं के स्वागत के लिए आकर्षक ढंग से सजाया गया था. तिलक व टीका लगाकर उनका स्वागत किया गया. टेंट, बैलून, फूल आदि कैंपस को सजाया गया था. केंद्रों पर प्रवेश करने पर परीक्षार्थियों पर फूल बरसाया गया. मिठाई व चॉकलेट भी दिये गये.
डीएम व एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी व वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने इंटर परीक्षा को लेकर इंटर स्तरीय जिला स्कूल परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया. दोनों अधिकारी ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्था को देखा. केंद्र पर तैनात दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त कर्मियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.जूता-मौजा केंद्र के बाहर उतरवाया –
शहर के कई परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी जूता-मौजा पहन कर पहुंचे थे. ऐसे में उन्हें केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया. लिहाजा परीक्षार्थियों को केंद्र के बाहर ही जूता-मौजा उतारना पड़ा. इसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया. प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन जांच की गयी.
पुलिस ने अभिभावकों को हटाया –
परीक्षा केंद्रों से सौ मीटर की दूरी तक धारा 144 लागू रहा. इसका हवाला देकर पुलिस ने परीक्षार्थियों के साथ पहुंचे अभिभावक को केंद्र से सौ मीटर दूर हटाया.वीक्षक भी पहुंचे तीन मिनट पहले –
कुछ परीक्षा केंद्रों पर वीक्षक परीक्षा शुरू होने से तीन मिनट पहले पहुंचे. मारवाड़ी कॉलेज केंद्र पर सुबह 9.27 मिनट पर दो वीक्षक पहुंचे. हालांकि नौ बजे के बाद परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार का गेट बंद कर दिया था. जब गेट पर शिक्षक पहुंचे, तो पुलिस पदाधिकारी से कहा कि में यहां की शिक्षिका हूं. गेट खोलिये. पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि लेट हैं. शिक्षिका ने कहा कि 9.30 बजे से परीक्षा शुरू होगी. अभी तो सुबह के 9.27 मिनट ही हुए है. इसके बाद केंद्र का गेट खोला गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




