Bhagalpur news गंगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना को मिली रफ्तार

बहुप्रतीक्षित गंगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना में सुलतानगंज के कमरगंज क्षेत्र में आ रहा गतिरोध अब दूर हो गया है.
सुलतानगंज से गंगा के अधिशेष जल को लिफ्ट कर बांका और मुंगेर जिले के जलाशयों तक पहुंचाने वाली बहुप्रतीक्षित गंगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना में सुलतानगंज के कमरगंज क्षेत्र में आ रहा गतिरोध अब दूर हो गया है. किसानों के विरोध के बाद बुधवार को हुई सफल वार्ता के पश्चात गुरुवार से कंपनी की ओर से मिट्टी गिराने का कार्य शुरू किया जायेगा. कमरगंज में गंगाजल को बडुआ जलाशय तक ले जाने की योजना को लेकर स्थानीय किसानों में नाराजगी थी. बुधवार को प्रशासन, निर्माण कंपनी के अधिकारियों और किसानों में हुई वार्ता में सहमति बनी. कंपनी के सहायक मैनेजर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि किसानों से सकारात्मक बातचीत हुई है और उन्हें आश्वस्त किया गया है कि 10 मार्च तक सभी प्रभावित किसानों को नोटिस हर हाल में उपलब्ध करा दी जायेगा. इसी भरोसे पर किसानों ने फिलहाल कार्य शुरू करने की सहमति दे दी है. कमरगंज पंचायत के मुखिया भरत कुमार ने कहा कि किसानों को मार्च के प्रथम सप्ताह तक नोटिस मिलने का आश्वासन दिया गया है. यदि तय समय सीमा तक नोटिस नहीं मिला तो किसान पुनः कार्य पर रोक लगाने को बाध्य होंगे. प्रधान सचिव के निर्देश के बाद कार्य में आयी तेजी सहायक मैनेजर अतुल सिंह ने बताया कि कमरगंज के समीप इंटेकवेल तथा बडुआ जलाशय के पास डिटेक्शन प्वाइंट पर कार्य तेज करने का निर्देश हाल ही में प्रधान सचिव की बैठक में दिया गया था. प्रधान सचिव ने परियोजना की समीक्षा करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने और निर्माण में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिये हैं. करीब 1627 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत गंगा का जल लिफ्ट कर बडुआ और खड़कपुर जलाशयों तक पहुंचाया जाएगा. लक्ष्य है कि इस वर्ष के भीतर परियोजना को पूरा कर लिया जाए.बुधवार को किसान के साथ वार्ता व निरीक्षण में बीडीओ संजीव कुमार, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, एडीएलओ उदय कुमार, विक्रम कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विनोद पीबी, सहायक मैनेजर अतुल सिंह, मुखिया भारत कुमार तथा तारापुर जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता शशि रंजन कुमार मौजूद थे. विधायक प्रो ललित नारायण मंडल ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद हजारों किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




