सुल्तानगंज स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी के वैगन में लगी आग, अफरा-तफरी के बीच टला बड़ा हादसा

Updated:
विज्ञापन

मालगाड़ी में लगी आग

सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी के वैगन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. समय रहते ट्रेन रोके जाने और दमकल की त्वरित कार्रवाई से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया. इस घटना के कारण रेल परिचालन लगभग डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा.

विज्ञापन

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर बुधवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म संख्या-2 से गुजर रही कोयला लदी एक मालगाड़ी के वैगन में अचानक भीषण आग लग गई. वैगन से तेज 'फट-फट' की आवाज सुनते ही रेलकर्मियों की सतर्कता से मालगाड़ी को तुरंत रोका गया और दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया.

30 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

आग बुझाते दमकल कर्मी
आग बुझाते दमकल कर्मी

स्टेशन मास्टर रवि रंजन के अनुसार, मालगाड़ी शाम 7:50 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-2 से आगे बढ़ रही थी, तभी वैगन से आग और धुआं निकलने की सूचना मिली. उन्होंने तुरंत ड्राइवर और गार्ड से संपर्क कर ट्रेन को स्टेशन पर ही रुकवा दिया. घटना की सूचना पर तीन अलग-अलग स्थानों से अग्निशमन (दमकल) गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया. आग लगने के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है.

1 घंटा 28 मिनट बाधित रहा परिचालन, अकबरनगर में रोकी गई कविगुरु एक्सप्रेस

सुरक्षा जांच और स्थिति सामान्य होने के बाद मालगाड़ी को रात 9:18 बजे (करीब 1 घंटा 28 मिनट बाद) जमालपुर व बाढ़ के लिए रवाना किया गया. इस घटना के कारण रेल ट्रैक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डाउन लाइन का परिचालन प्रभावित रहा और कविगुरु एक्सप्रेस को अकबरनगर स्टेशन पर रोककर रखा गया. श्रावणी मेले के कारण स्टेशन पर कांवरियों की भारी भीड़ मौजूद थी, जिससे कुछ देर के लिए हलचल मच गई. मौके पर मालदा मंडल के असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.

इंजन खराबी के कारण 2 घंटे से अधिक फंसी रही विक्रमशिला एक्सप्रेस

उधर, सुल्तानगंज स्टेशन पर ही एक अन्य घटनाक्रम में इंजन में अचानक आई खराबी के कारण अप विक्रमशिला एक्सप्रेस दो घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही. स्टेशन प्रबंधक गिरीश प्रसाद सिंह ने बताया कि विक्रमशिला एक्सप्रेस दोपहर 12:22 बजे सुल्तानगंज पहुंची थी, तभी इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला. इसके बाद दूसरा इंजन मंगवाकर दोपहर 2:35 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया. घंटों ट्रेन खड़ी रहने से भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा.


विज्ञापन
शुभंकर

लेखक के बारे में

By शुभंकर

शुभंकर,करियर की शुरुआत दिल्ली के एक पाक्षिक पत्रिका से किया. राष्ट्रीय सहारा के बाद वर्ष 2005 में प्रभात खबर से जुड़ कर लगातार 21 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. अभी प्रभात खबर सुलतानगंज भागलपुर क्षेत्र में काम कर रहे हैं.हर पल बदलते सामाजिक घटनाक्रम पर पैनी नजर रखते हुए नए कंटेंट के साथ खबरों के लिए प्रभात खबर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन