टाउन हॉल में बच्चों ने बिखेरी देशभक्ति की छटा, कराटे और ऑपरेशन सिंदूर की प्रस्तुति ने मोहा मन
मंच पर प्रस्तुति देती छात्रा
भागलपुर के टाउन हॉल में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य, नाटक और कराटे की प्रस्तुतियों से समां बांधा. बच्चों की ऊर्जा और आत्मविश्वास ने स्वतंत्रता दिवस की शाम को यादगार बना दिया.
भागलपुर. 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार की शाम टाउन हॉल में जिला प्रशासन की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. देशभक्ति गीतों, नृत्य, नाटक, संगीत और कराटे की प्रस्तुतियों से पूरा सभागार राष्ट्रीय गौरव और उत्साह से भर उठा. बच्चों की ऊर्जा और आत्मविश्वास ने स्वतंत्रता दिवस की शाम को यादगार बना दिया.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त रवि राकेश, जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी महेश प्रसाद, डीपीओ शशि चंदन चौधरी, किलकारी बिहार बाल भवन के प्रतिनिधि साहिल राज और जिला परिषद उपाध्यक्ष समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान से हुई.
14 विद्यालयों के बच्चों ने दिखाया हुनर
सांस्कृतिक कार्यक्रम में 14 चयनित विद्यालयों एवं संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. किलकारी बिहार बाल भवन, आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, शरण्या एकेडमी, ताल नृत्यम, सेंट जोसफ समेत विभिन्न संस्थानों के बच्चों ने गीत, संगीत, नृत्य, नाटक और अन्य प्रस्तुतियां दीं.
कराटे और ऑपरेशन सिंदूर की झलकियों ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम में छोटे बच्चों की कराटे प्रस्तुति ने दर्शकों को खास तौर पर प्रभावित किया. नाट्य प्रस्तुति और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी झलकियों के जरिए बच्चों ने वीरता, साहस, राष्ट्रीय सुरक्षा और देशभक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया. इन प्रस्तुतियों ने बच्चों की कला और कौशल के साथ उनके आत्मविश्वास और अनुशासन को भी सामने रखा.
मंच पर जीवंत हुई स्वतंत्रता आंदोलन की कहानी
विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रप्रेम, देश की एकता-अखंडता और भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत किया गया. बच्चों की प्रस्तुतियों के दौरान टाउन हॉल तालियों से गूंजता रहा.अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और जिला प्रशासन के आयोजन की सराहना की.
प्रतिभागी विद्यालयों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागी विद्यालयों एवं संस्थानों के समूहों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. उप विकास आयुक्त रवि राकेश और अन्य अतिथियों ने छात्र-छात्राओं एवं उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
बच्चों में रचनात्मकता और राष्ट्रप्रेम बढ़ाते हैं ऐसे आयोजन
उप विकास आयुक्त रवि राकेश ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं. उन्होंने सभी विद्यालयों, संस्थानों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बधाई दी.
बिहार राज्य गीत के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र के कलाकारों ने तबला, हारमोनियम और गिटार की मधुर धुनों पर बिहार राज्य गीत प्रस्तुत किया. सामूहिक रूप से राज्य गीत गाए जाने के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ.जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, विद्यालयों, संस्थानों, कलाकारों, शिक्षकों, अभिभावकों और दर्शकों के प्रति आभार जताया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










