पप्पू तांती हत्याकांड में कृष्णा मोदी ने किया सरेंडर, शूटर समेत दो गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

जानकारी देते एसपी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू तांती हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, तीन लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी गई थी, जिसमें मुख्य शूटर समेत दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. अब तक आठ आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं.

विज्ञापन

भागलपुर : बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज में भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार हत्याकांड में नामजद कृष्णा मोदी ने 18 सितंबर को कोर्ट में सरेंडर कर दिया. वहीं पुलिस ने एक शूटर समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में कुतुबगंज निवासी सुमन कुमार और मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मैतोफी निवासी नितीश कुमार उर्फ अक्षय कुमार शामिल हैं.

विज्ञापन

पुलिस के अनुसार अब तक हत्याकांड में संलिप्त आठ आरोपित जेल जा चुके हैं, जबकि दो अन्य लाइजनरों की तलाश की जा रही है. भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रम और पुलिस अनुसंधान की जानकारी दी.

तीन लाख रुपये में सुपारी देने का पुलिस का दावा

एसएसपी के अनुसार पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आयी है कि पप्पू तांती की हत्या के लिए शशि मोदी ने तीन लाख रुपये में सुपारी तय की थी. पुलिस का दावा है कि सुमन कुमार के माध्यम से शशि मोदी और शूटरों के बीच संपर्क हुआ तथा रुपये पहुंचाये गये.

पुलिस के अनुसार घटना के दिन शशि मोदी अपने घर पर था और मोबाइल के माध्यम से वारदात को अंजाम देने वाले लोगों के संपर्क में रहकर घटनाक्रम की निगरानी कर रहा था.

एसएसपी ने बताया कि पुलिस के पास आरोपितों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य हैं. शशि मोदी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी. इस मामले में चार अन्य आरोपितों को भी रिमांड पर लेने के लिए पुलिस ने न्यायालय में आवेदन दिया है.

नितीश ने चलायी पहली गोली, कृष्णा पर भी फायरिंग का आरोप

पुलिस अनुसंधान के अनुसार नितीश कुमार और कृष्णा मोदी की भूमिका शूटर के रूप में सामने आयी है. पुलिस के मुताबिक पप्पू तांती पर पहली गोली नितीश कुमार ने चलायी, जो उन्हें नहीं लगी. इसके बाद कृष्णा मोदी ने कथित तौर पर नजदीक से गोली मारी.

पुलिस के अनुसार हत्याकांड में सुमन कुमार की भूमिका संपर्क सूत्र के तौर पर सामने आयी है. हत्या के बाद कृष्णा मोदी के भागने के दौरान शशि मोदी की ओर से उसे रुपये देने और छिपकर रहने के लिए कहने की बात भी जांच में सामने आयी है.

पुलिस अब आरोपितों और उनके परिजनों के बैंक खातों की भी जांच करने की तैयारी में है. वहीं पुलिस के अनुसार शूटर नितीश ने फरार होने के दौरान घटना में इस्तेमाल हथियार नदी में फेंक दिया था. पुलिस हथियार की तलाश कर रही है.

वर्चस्व और पुराने विवाद के एंगल से भी जांच

पुलिस जांच में हत्या के पीछे आपसी वर्चस्व और पुराने विवाद के एंगल की भी जांच की जा रही है. पप्पू तांती पहले शशि मोदी के समर्थकों में शामिल बताए जाते थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच राजनीतिक और सामाजिक वर्चस्व को लेकर दूरी बढ़ने की बात सामने आयी.

पप्पू तांती भाजपा के मंडल अध्यक्ष बनने के साथ काली पूजा समिति से भी जुड़े थे. पुलिस के अनुसार इलाके में राजनीतिक प्रभाव और आगामी पार्षद चुनाव से जुड़े वर्चस्व के साथ महादेव पोखर तथा काली मंदिर से जुड़े विवाद के पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

छह माह पहले भी हत्या की साजिश का दावा

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आने की जानकारी दी गयी है कि करीब छह माह पहले भी पप्पू तांती की हत्या की साजिश रची गयी थी. हालांकि उस समय सुपारी की रकम नहीं दिये जाने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी.

200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले

एसएसपी के अनुसार हत्याकांड के बाद सिटी एसपी अतुलेश झा और सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गयी थी. इसमें बबरगंज पुलिस के साथ मोजाहिदपुर, कोतवाली थानों की पुलिस और डीआईयू की टीम को शामिल किया गया.

पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसके अलावा बिहार और झारखंड के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गयी. पुलिस दबिश के बीच पहले शशि मोदी ने कोर्ट में सरेंडर किया और बाद में कृष्णा मोदी ने भी आत्मसमर्पण कर दिया.

अब तक आठ आरोपित जेल भेजे गये

पुलिस के अनुसार मामले में वार्ड 51 की पार्षद दीपिका कुमारी, शशि मोदी, कृष्णा मोदी, मुंगेर के अमित राज, सिकंदरपुर के सूरज कुमार, गुरहट्टा चौक के लवीस आनंद, कुतुबगंज के सुमन कुमार और मुंगेर के मैतोफी निवासी नितीश कुमार उर्फ अक्षय कुमार समेत आठ आरोपित जेल जा चुके हैं. दो अन्य लाइजनरों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन