भागलपुर में स्मार्ट सिटी के नाम पर मजाक: सैंडिस कंपाउंड की पुलिया धंसी, सीएमएस स्कूल के सामने गड्ढे से लग रहा रोज जाम

विज्ञापन

भागलपुर में स्मार्ट सिटी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

स्मार्ट सिटी भागलपुर में करोड़ों खर्च के बावजूद सड़कों पर गड्ढे और जर्जर पुल. जानिए प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोलती जमीनी हकीकत.

विज्ञापन

Bhagalpur Smart City News: करोड़ों-अरबों रुपये की लागत, स्मार्ट सिटी का बड़ा तमगा और बैठकों में विकास का झिलमिलाता दावा, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि बिहार की सिल्क सिटी भागलपुर आज भी बुनियादी बदहाली से जूझ रही है. पिछले दस सालों में भागलपुर को सजाने और संवारने के नाम पर पानी की तरह पैसा बहाया गया. इसके बावजूद शहर के मुख्य रास्तों और चौराहों का हाल इतना नारकीय है कि आम जनता हर दिन तिल-तिल कर घुटने को मजबूर है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिन सड़कों से हर दिन जिला प्रशासन, नगर निगम, बुडको और खुद स्मार्ट सिटी परियोजना के आला अधिकारी गुजरते हैं, उन जगहों की बदहाली कई महीनों से जस की तस बनी हुई है. एसी कारों के बंद शीशों और ऊंचे ओहदे के दंभ के कारण साहबों की नजरें सड़क के इन जानलेवा गड्ढों और उफनते नालों तक पहुंच ही नहीं पाती हैं.

विज्ञापन

सैंडिस कंपाउंड जाने वाले पुलिया की टूट रही रेलिंग, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

स्मार्ट सिटी भागलपुर का दिल कहे जाने वाले सैंडिस कंपाउंड के पास का नजारा प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोलने के लिए काफी है. तिलकामांझी से सैंडिस कंपाउंड जाने वाले मुख्य मार्ग पर बनी पुलिया पूरी तरह से जर्जर और खस्ताहाल हो चुकी है. पुलिया की रेलिंग टूटकर सड़क पर आ गिरी है और पुलिया का ढांचा नीचे की ओर धंस रहा है. यह वही रास्ता है जहां से हर सुबह और शाम जिला प्रशासन और पुलिस महकमे के सबसे बड़े अधिकारी गुजरते हैं. इसके बावजूद इस जर्जर पुलिया की सुध लेने वाला कोई नहीं है. अगर समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई, तो किसी भी दिन यह पुलिया पूरी तरह ध्वस्त हो सकती है और शहर का एक बेहद व्यस्त रास्ता हमेशा के लिए बंद हो सकता है.

नगर निगम दफ्तर से महज दो फलांग दूर नारकीय हाल, सुंदर गार्डन के बगल में गाद से पटा नाला

शहर के प्रमुख केंद्रों में शुमार घुरनपीर बाबा चौक का हाल तो और भी बदतर है. चौक के ठीक बगल में स्थित नाला महीनों से पूरी तरह से गाद और गंदगी से पटा पड़ा है. बदबू और बजबजाते कचरे के कारण आसपास के दुकानदारों और राहगीरों का सांस लेना दूभर हो गया है. विडंबना देखिए कि इस बदहाल जगह से महज दो फलांग की दूरी पर नगर निगम का विशाल कार्यालय स्थित है. इतना ही नहीं, जिस जगह नाला गाद से लबालब भरा हुआ है, ठीक उसी के बगल में नगर निगम ने सौंदर्यीकरण का ढोल पीटते हुए एक खूबसूरत गार्डन भी बनाया है. एक तरफ बदबूदार नाला और दूसरी तरफ गार्डन का यह विरोधाभास नगर निगम की खोखली कार्यशैली को साफ उजागर करता है.

सीएमएस स्कूल के सामने बुडको की मनमानी, आधा गड्ढा भरकर छोड़ा, हर दिन लग रहा लंबा जाम

आदमपुर चौक के आगे सीएमएस स्कूल के सामने बुडको की लापरवाही ने स्कूली बच्चों और आम शहरवासियों की नाक में दम कर रखा है. जलापूर्ति योजना के लीकेज पाइप को ठीक करने के नाम पर बुडको ने चलती सड़क पर गहरा गड्ढा खोद दिया था. पाइप की मरम्मत के बाद कागजी खानापूर्ति करते हुए गड्ढे को जैसे-तैसे भर दिया गया, लेकिन सड़क को समतल और पक्का नहीं किया गया. नतीजा यह है कि सड़क पर जगह-जगह खतरनाक गड्ढे बने हुए हैं, जिसके कारण इस व्यस्त मार्ग पर सुबह से लेकर शाम तक भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है. स्कूल आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चे और एम्बुलेंस तक इस लापरवाही के कारण घंटों जाम में फंसने को मजबूर हैं.

Bhagalpur Smart City News: एसी कार के बंद शीशे और पंगु तंत्र: कब जागेगा भागलपुर का जिला प्रशासन?

भागलपुर की इस बदहाली का सबसे बड़ा कारण प्रशासनिक संवेदनहीनता और ठेकेदारों की मनमानी है. नगर निगम, बुडको और स्मार्ट सिटी के अधिकारी रोज एसी गाड़ियों में बैठकर इन्हीं रास्तों से गुजरते हैं. लेकिन बंद शीशों के पीछे से उन्हें न तो धूल उड़ती सड़कें दिखती हैं, न धंसता हुआ पुल और न ही नालों की दुर्गंध महसूस होती है. जब तक अधिकारी गाड़ियों से उतरकर पैदल इन सड़कों का निरीक्षण नहीं करेंगे, तब तक अरबों रुपये खर्च होने के बाद भी भागलपुर कागजों पर ही 'स्मार्ट' बना रहेगा और धरातल पर आम जनता यूं ही बदहाली का दंश झेलती रहेगी.

Also Read: Nandan Yadav Encounter: कौन हैं जमुई केस के मुख्य आरोपी नंदन और हरेराम? जानें बालू ढोने से लेकर पुलिस मुठभेड़ तक की कहानी

Also Read: Jamui Encounter News: जमुई में छात्रा से बदसलूकी करने वाले का एनकाउंटर, पुलिस ने नंदन यादव को मारी गोली

आपके शहर में

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन