भागलपुर में मानसून की बेरुखी, 20 जून के बाद बारिश के आसार

Updated:
विज्ञापन

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि 20 जून तक भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक मानसूनी बारिश की संभावना काफी कम है.

विज्ञापन

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट

मानसून के बिहार में प्रवेश करने के बावजूद भागलपुर में अब तक बारिश नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है, जबकि किसान भी बारिश की राह देख रहे हैं.11 जून को मानसून ने किशनगंज के रास्ते बिहार में दस्तक दे दी थी, लेकिन भागलपुर जिले में अब तक मानसूनी बारिश की एक भी बूंद नहीं गिरी है. बारिश नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है और उमस भरी गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है. दिनभर चिपचिपी गर्मी के कारण लोग परेशान हैं.

20 जून तक अच्छी बारिश की संभावना कम

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि 20 जून तक भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक मानसूनी बारिश की संभावना काफी कम है. उन्होंने कहा कि 20 जून के बाद मानसून सक्रिय होने के संकेत हैं, जिसके बाद अच्छी बारिश होने की उम्मीद है. हालांकि इससे पहले कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट वर्षा हो सकती है.

बारिश नहीं होने से किसानों की बढ़ी चिंता

मानसूनी बारिश में देरी का असर खेती-किसानी पर भी दिखाई देने लगा है. जिन किसानों ने धान की बुआई कर दी है, उनके खेतों में उगे छोटे-छोटे पौधों को पानी की जरूरत पड़ रही है. लगातार गर्मी और तेज धूप के कारण पौधों के सूखने की आशंका बढ़ गई है.

बोरिंग के सहारे बचाई जा रही फसल

जिन किसानों के पास निजी बोरिंग की सुविधा नहीं है, वे दूसरे किसानों के बोरिंग से पानी लेकर खेतों की सिंचाई कर रहे हैं. किसान धान के पौधों को सुरक्षित रखने के लिए खेतों में पानी भरने का काम कर रहे हैं, ताकि पौधों की हरियाली बनी रहे और फसल को नुकसान न पहुंचे.

विज्ञापन
BRAJESH NANDAN MAD

लेखक के बारे में

By BRAJESH NANDAN MAD

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन