ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पत्नी के मायके पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

Updated:
विज्ञापन
ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पत्नी के मायके पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

भागलपुर के गोपालपुर निवासी युवक की अररिया स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने पत्नी के मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

गोपालपुर (भागलपुर) से विपिन ठाकुर की रिपोर्ट:

Araria Suspicious Death Case: नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपाकर निवासी 32 वर्षीय मो. जुबेर की अररिया जिले के बोकड़ा मिल चौक गांव स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के परिजनों ने दूसरी पत्नी के मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की मां हबीसा खातून ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का मोबाइल फोन घटना से तीन दिन पहले दूसरी पत्नी के मायके वालों ने छीन लिया था. परिजनों का कहना है कि करीब तीन वर्ष पहले मो. जुबेर की दूसरी शादी हुई थी. इसके बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसे अपने पैतृक घर आने से रोकते थे.

परिजनों के अनुसार, मुहर्रम के अवसर पर काफी समझाने-बुझाने के बाद वह अपने घर आया था. इसके बाद दूसरी पत्नी के मायके पक्ष की ओर से उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं.

परिवार में मचा कोहराम

मो. जुबेर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. पहली पत्नी पति की मौत की सूचना मिलते ही बदहवास हो गई. वह अपने दो वर्षीय बेटे को गोद में लेकर विलाप करती रही. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है.

निष्पक्ष जांच की मांग

परिवार के सदस्यों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

पुलिस ने क्या कहा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है. परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
Vipin Thakur

लेखक के बारे में

By Vipin Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन