ePaper

दबंग जयप्रकाश मंडल की इडी ने जब्त की करोड़ों की संपत्ति

Updated at : 05 Feb 2020 3:03 AM (IST)
विज्ञापन
दबंग जयप्रकाश मंडल की इडी ने जब्त की करोड़ों की संपत्ति

भागलपुर : भागलपुर के दबंग और आपराधिक छवि के जय प्रकाश मंडल की अवैध संपत्ति इडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने जब्त कर ली है. वह भागलपुर के औद्योगिक सबौर थाना क्षेत्र के नयाटोला चौका मोहल्ले के रहने वाले हैं. उसकी भागलपुर और इसके आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में मौजूद संपत्तियों के अलावा पेट्रोल पंप, […]

विज्ञापन

भागलपुर : भागलपुर के दबंग और आपराधिक छवि के जय प्रकाश मंडल की अवैध संपत्ति इडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने जब्त कर ली है. वह भागलपुर के औद्योगिक सबौर थाना क्षेत्र के नयाटोला चौका मोहल्ले के रहने वाले हैं. उसकी भागलपुर और इसके आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में मौजूद संपत्तियों के अलावा पेट्रोल पंप, वाहन, बैंक बैलेंस समेत अन्य सभी चल और अचल संपत्तियों को अटैच कर लिया गया है.

सभी संपत्तियों का सरकारी मूल्य आठ करोड़ 38 लाख 31 हजार रुपये से ज्यादा बतायी जा रही है.परंतु इनका बाजार मूल्य इससे कहीं ज्यादा है. इडी ने यह कार्रवाई पीएमएलए (प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉड्रिंग एक्ट) के तहत की है.
भागलपुर के तत्कालीन एसएसपी ने दिसंबर 2013 को ही जय प्रकाश मंडल के खिलाफ पीएमएलए के अंतर्गत कार्रवाई करने की अनुशंसा की थी. इस प्रस्ताव की समीक्षा करके इओयू (आर्थिक अपराध इकाई) ने पीएमएलए के तहत इस पर कार्रवाई करने के लिए जुलाई 2014 को इडी को भेज दी थी. इस पर इडी ने इसीआइआर दर्ज करके जांच की प्रक्रिया शुरू की थी. जेपी मंडल पर डकैती, लूट, जालसाजी, अवैध जुआ समेत अन्य तरह के 12 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं.
इसने अपनी अवैध संपत्ति का बड़ा हिस्सा पत्नी रत्ना देवी और बेटा प्रवीण मंडल के नाम पर भी कर रखा है. इन्हें भी जब्त कर लिया गया है. इडी की तफ्तीश में यह बात सामने आयी कि इसने भागलपुर में ‘श्री शॉपी मार्ट’ नाम का एक मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स भी बना रखा है. बताया जाता है कि यह भवन इस इलाके की सबसे ऊंची बिल्डिंग है. इस पर आगे की जांच चल रही है.
जुआ का फड़ चलाने को लेकर चर्चित हुआ था जय प्रकाश मंडल
कई वर्षों पूर्व से ही भागलपुर के जीरोमाइल और सबौर थाना क्षेत्र में अपनी आपराधिक छवि के लिए चर्चित दबंग जय प्रकाश मंडल इलाके में जुआ का फड़ चलाने को लेकर चर्चा में आया था.
लूट-डकैती आदि वारदातों को अंजाम देकर अर्जित की गयी संपत्ति को लेकर उसने इलाके में एक के बाद एक कई जुआ के फड़ खोल इलाके के लोगों को जुआ खिलाने लगा. जुअा के फड़ को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई कई हत्याओं में भी जय प्रकाश मंडल चर्चा में आया. वर्तमान में जय प्रकाश मंडल जदयू पार्टी के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ का महानगर अध्यक्ष भी है.
स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्व में अपराध से अर्जित संपत्ति को जय प्रकाश मंडल ने इलाके में रियल इस्टेट में लगाया. इसके बाद उसने पेट्रोल पंप, मॉल, अपार्टमेंट आदि भी खड़ा कर दिया और कई केसों में बरी घोषित किये जाने के बाद अपनी छवि को साफ करने में जुट गया. माना जा रहा है कि इलाके में उसके कई दुश्मन भी थे. पूर्व में जय प्रकाश मंडल ने प्रखंड स्तर पर चुनाव भी लड़ा था. हालांकि इसमें उसे सफलता नहीं मिली थी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन