बगहा अस्पताल में रात के औचक निरीक्षण में खुली ड्यूटी व्यवस्था की पोल, कई डॉक्टर-जीएनएम मिले अनुपस्थित
चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी लेती एसडीएम चांदनी कुमारी
एसडीएम चांदनी कुमारी ने बगहा अनुमंडलीय अस्पताल का देर रात अचानक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ड्यूटी रोस्टर और अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई अनियमितताएं सामने आईं. कई डॉक्टर और जीएनएम अनुपस्थित पाए गए.
West Champaran News: बगहा. अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने मंगलवार की देर रात अनुमंडलीय अस्पताल बगहा का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ड्यूटी रोस्टर और अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई अनियमितताएं सामने आयीं. डॉ. बालेश्वर शर्मा समेत कई जीएनएम निर्धारित ड्यूटी पर अनुपस्थित मिले. वहीं कुछ जीएनएम अस्पताल में मौजूद थीं, लेकिन उनकी ड्यूटी रोस्टर के अनुसार नहीं थी. एसडीओ ने अस्पताल प्रबंधन पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार का निर्देश दिया.

ड्यूटी रोस्टर के अनुसार नहीं मिली व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने जीएनएम का ड्यूटी रोस्टर तलब किया. प्रतिभा कुमारी, संगीता कुमारी और ज्योति कुमारी अस्पताल में उपस्थित मिलीं, लेकिन उनकी ड्यूटी निर्धारित रोस्टर के अनुरूप नहीं थी.
एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार ही लगायी जाए. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को ड्यूटी व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और लापरवाही नहीं बरतने को कहा.
सुरक्षा गार्डों का रोस्टर भी नहीं दिखा सका प्रबंधन
इसके बाद एसडीओ ने अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति की जांच की. निरीक्षण के दौरान रविशंकर कुमार, धर्मेंद्र महतो, बजरंगी कुमार, विमला कुमारी, अमित कुमार और राधिका कुमारी उपस्थित मिले.
एसडीओ ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ सुरक्षा गार्डों का रोस्टर भी सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया. हालांकि, सुरक्षा गार्डों का रोस्टर मांगे जाने पर अस्पताल प्रबंधन उसे प्रस्तुत नहीं कर सका.
ढाई माह से लगातार नाइट ड्यूटी की शिकायत
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा गार्ड धर्मेंद्र महतो ने एसडीओ को बताया कि वह करीब ढाई माह से लगातार नाइट ड्यूटी कर रहे हैं. इस शिकायत पर एसडीओ ने नाराजगी जताते हुए ड्यूटी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया.
एसडीओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के लिए प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. एके तिवारी को मौके पर बुलाया, लेकिन निरीक्षण के दौरान वे उपस्थित नहीं हुए.
सर्पदंश इंजेक्शन का स्टॉक भी जांचा
एसडीओ ने मौजूद चिकित्सकों से सर्पदंश के इलाज में इस्तेमाल होने वाले आवश्यक इंजेक्शन की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली. चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल में 40 इंजेक्शन उपलब्ध हैं और ये एक-दो दिनों में समाप्त हो सकते हैं.
स्टॉक की जानकारी मिलने के बाद एसडीओ ने आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने और दवा की उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि सर्पदंश के मरीजों को उपचार में परेशानी न हो.
प्रसव कक्ष, इमरजेंसी और ओटी का भी लिया जायजा
औचक निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने प्रसव कक्ष, आपातकालीन कक्ष और ऑपरेशन थियेटर का भी निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
देर रात निरीक्षण से अस्पताल में मचा हड़कंप
एसडीओ के अचानक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. निरीक्षण के दौरान डॉ. विनय कुमार, डॉ. एसपी अग्रवाल, डॉ. तारिक नदीम समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
एसडीओ ने ड्यूटी रोस्टर, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता को लेकर अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिये.
यह भी पढ़ें: बेतिया के सिकटा में सवारी लेकर आ रहा था तांगा चालक, रास्ते में बिगड़ी तबीयत, घोड़ा गाड़ी पर ही थमी सांस
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए