बेतिया में सुबह से चला बुलडोजर, 27 दुकानें हुईं ध्वस्त, नोटिस के बाद भी नहीं हटा था कब्जा

Updated:
विज्ञापन

अतिक्रमण हटाता बुलडोजर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बेतिया में प्रशासन ने पावर हाउस चौक से पेट्रोल पंप तक सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. चार जेसीबी मशीनों की मदद से 27 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया. यह कार्रवाई शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है.

विज्ञापन

Bettiah News: बेतिया. शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की. पावर हाउस चौक से सत्यनारायण पेट्रोल पंप तक सरकारी जमीन और सड़क किनारे लंबे समय से किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया गया. चार जेसीबी मशीनों की मदद से कुल 27 दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रही.

विज्ञापन

पावर हाउस चौक से पेट्रोल पंप तक चला अभियान

प्रशासन की टीम ने पावर हाउस चौक से सत्यनारायण पेट्रोल पंप तक मुख्य सड़क और आसपास की सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया. अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से कई लोगों ने सड़क किनारे पक्के और कच्चे निर्माण कर दुकानें बना ली थीं.

अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और अक्सर जाम की स्थिति बन रही थी. इसके अलावा बरवत से जीएमसीएच तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क के काम में भी यह अतिक्रमण बाधा बन रहा था.

चार जेसीबी से 27 दुकानें ध्वस्त

अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन चार जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा. सुबह से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान 27 दुकानों को ध्वस्त कर सरकारी जमीन और सड़क किनारे का हिस्सा खाली कराया गया.

पूरे अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस बल मौजूद रहा, ताकि किसी तरह का विरोध या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.

नोटिस के बाद भी नहीं हटाया था अतिक्रमण

प्रशासन की ओर से पहले ही 27 दुकानदारों को नोटिस दिया गया था. उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए निर्धारित समय दिया गया था.

प्रशासन के अनुसार, तय समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया. इसके बाद बुधवार को बलपूर्वक कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया.

पुलिस और मजिस्ट्रेट की रही तैनाती

अतिक्रमण हटाने के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जवानों के साथ महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था. मजिस्ट्रेट के रूप में संजीव कुमार को तैनात किया गया था.

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की पूरी निगरानी की गयी, ताकि अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे.

दोबारा कब्जा किया तो दर्ज होगी प्राथमिकी

सदर एसडीएम विकास कुमार ने कहा कि सरकारी जमीन, नाला और मुख्य सड़कों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त करना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है.

उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण हटाये जाने के बाद यदि कोई व्यक्ति दोबारा खाली करायी गयी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा.

अन्य अतिक्रमणकारियों में भी हड़कंप

27 दुकानों पर हुई कार्रवाई के बाद शहर के अन्य इलाकों में अतिक्रमण कर दुकान या निर्माण करने वालों में भी हड़कंप की स्थिति है. प्रशासन की ओर से शहर के अन्य हिस्सों में भी अतिक्रमण की स्थिति पर नजर रखने की बात कही गयी है.

यह भी पढ़ें: बेतिया के सिकटा में सवारी लेकर आ रहा था तांगा चालक, रास्ते में बिगड़ी तबीयत, घोड़ा गाड़ी पर ही थमी सांस

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन