72 घंटे से गायब है बच्चा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, NH-727B को किया जाम

Updated:
विज्ञापन

सड़क पर बैठीं महिलाओं | Prabhat Khabar Network

पश्चिम चंपारण के बगहा में 11 वर्षीय बालक गौतम कुमार के तीन दिनों से लापता होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. गुस्साए लोगों ने NH-727B को जाम कर प्रदर्शन किया और पुलिस से अविलंब बरामदगी की मांग की.

विज्ञापन

Bagaha News: पश्चिम चंपारण के बगहा में 11 वर्षीय बालक के तीन दिनों से लापता होने के बाद लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा. मंगलवार को परिजनों और स्थानीय मछली व्यवसायियों ने बगहा-बेतिया मुख्य मार्ग (एनएच-727बी) को जाम कर टायर जलाते हुए प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लापता बच्चे गौतम कुमार की जल्द और सकुशल बरामदगी की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. मौके पर बगहा थानाध्यक्ष शैलेष कुमार मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं.

तीन दिन से लापता है 11 वर्षीय गौतम

जानकारी के अनुसार, बगहा नगर थाना क्षेत्र के रामधाम मंदिर निवासी मछली व्यवसायी तुलसी साह का 11 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार पिछले तीन दिनों से लापता है. परिजनों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद नगर थाना में आवेदन देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई गई थी.

पीड़ित पिता तुलसी साह का आरोप है कि आवेदन देने के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक उनके बेटे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे में है.

मछली व्यवसायियों ने बंद रखा कारोबार

बालक की बरामदगी नहीं होने से नाराज मछली व्यवसायियों ने अपना कारोबार बंद कर दिया और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक गौतम कुमार सकुशल नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगा.

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करने की मांग की.

डॉग स्क्वायड से भी हुई जांच, नहीं मिला सुराग

घटना की सूचना पर बगहा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि बालक की तलाश के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है.

पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है. अधिकारियों का कहना है कि बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं.

एनएच-727बी पर लगा लंबा जाम

सड़क जाम के कारण एनएच-727बी पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई. समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी है और लोग बच्चे की सुरक्षित बरामदगी की मांग पर अड़े हुए हैं. मौके पर पुलिस की टीम भी मौजूद है.

यह भी पढे़ं: बेतिया: पहली सोमवारी पर भितहा के शिवालयों में उमड़ी आस्था, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा इलाका


विज्ञापन
Israel Ansari

लेखक के बारे में

By Israel Ansari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन