Bagaha News: छात्र प्रिंस की मौत पर थरुहट में उबाल, हजारों लोगों ने निकाला कैंडल मार्च

Updated:
विज्ञापन
प्रिंस की मौत पर थरुहट में ''न्याय दो'' के नारों से गूंजा हरनाटांड़

प्रिंस हत्या मामले में हरनाटांड़ में कैंडल मार्च करते लोग

कौटिल्य पब्लिक स्कूल के छात्रावास में 10 वर्षीय छात्र प्रिंस की मौत ने थरुहट क्षेत्र में आक्रोश भड़का दिया है. हजारों लोगों ने न्याय की मांग करते हुए कैंडल मार्च निकाला. प्रदर्शनकारी दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Bagaha News: बगहा पुलिस जिला अंतर्गत लौकरिया थाना क्षेत्र स्थित कौटिल्य पब्लिक स्कूल के छात्रावास में शिक्षक की कथित पिटाई के बाद 10 वर्षीय छात्र प्रिंस की मौत को लेकर थरुहट क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. बुधवार देर शाम हरनाटांड़ में हजारों लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला. इस दौरान "प्रिंस को न्याय दो" और "दोषियों को गिरफ्तार करो" जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा.

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

प्रशासन के सामने रखीं कई मांगें

कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने जिला प्रशासन से सभी नामजद आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, पुलिस अधीक्षक की निगरानी में उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता तथा थरुहट क्षेत्र में संचालित छात्रावासों की व्यापक जांच कराने की मांग की.

साथ ही बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के संचालित छात्रावासों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग उठाई गई.

यह भी पढ़ें: 2,000 सांपों का रेस्क्यू करने वाली वाल्मीकिनगर की 'सर्प मित्र' को कोबरा ने डंसा

जदयू नेता बोले, पूरे समाज को झकझोरने वाली घटना

जदयू के युवा जिला सचिव चंदन सिंह ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की अंतरात्मा को झकझोरने वाली है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समय पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में भी ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है.

कैंडल मार्च बनकटवा रोड से हरनाटांड़ बाजार होते हुए हरनाटांड़-बगहा मुख्य मार्ग तक निकाला गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

निजी छात्रावासों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

प्रिंस की मौत के बाद क्षेत्र में निजी स्कूलों और छात्रावासों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पढ़ाई या अनुशासन के नाम पर बच्चों को शारीरिक दंड दिए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं. अब लोगों ने ऐसे सभी मामलों की निष्पक्ष जांच और छात्रावासों की नियमित निगरानी की मांग की है.

यह भी पढ़ें: पश्चिम चंपारण के दोन क्षेत्र में बारिश से 26 गांवों का संपर्क टूटने की कगार पर

प्रिंस मौत मामले में दो शिक्षक गिरफ्तार, संचालक फरार

प्रिंस कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मृतक की मां खुशबू कुमारी के आवेदन पर छात्रावास संचालक हरेन्द्र कुमार तथा शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक सोखइत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि दोनों शिक्षकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि छात्रावास संचालक फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच जारी है.


विज्ञापन
Jay Prakash Verma

लेखक के बारे में

By Jay Prakash Verma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन