2,000 सांपों का रेस्क्यू करने वाली 'सर्प मित्र' जानकी देवी को कोबरा ने डंसा
किंग कोबरा का रेस्क्यू करती जानकी देवी
वाल्मीकिनगर की 'सर्प मित्र' जानकी देवी, जिन्होंने 2,000 से अधिक सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया है, खुद एक विषैले कोबरा का शिकार हो गईं. रेस्क्यू के दौरान उन पर हमला हुआ और उन्हें तत्काल उपचार के लिए भर्ती कराया गया.
Valmikinagar News: वर्षों से विषैले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लोगों की जान बचाने वाली वाल्मीकिनगर की चर्चित 'सर्प मित्र' जानकी देवी खुद एक विषैले कोबरा के डंस का शिकार हो गईं. सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल नेपाल के त्रिवेणी स्थित सर्पदंश उपचार केंद्र में भर्ती कराया गया. फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
आपके शहर में
कोबरा का रेस्क्यू करने पहुंची थीं, तभी हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, किसी स्थान पर विशाल कोबरा निकलने की सूचना मिलने पर जानकी देवी हमेशा की तरह मौके पर पहुंचीं. उनका उद्देश्य सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ना था, ताकि लोगों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
रेस्क्यू के दौरान अचानक कोबरा ने पलटकर उन पर हमला कर दिया और उन्हें डंस लिया. कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह अचेत होने लगीं. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें त्रिवेणी (नेपाल) स्थित सर्पदंश उपचार केंद्र पहुंचाया.
2,000 से अधिक सांपों का कर चुकी हैं सफल रेस्क्यू
जानकी देवी पूरे वाल्मीकिनगर क्षेत्र में 'सर्प मित्र' के नाम से जानी जाती हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, वह बेहद शांत और आत्मविश्वास के साथ विषैले सांपों का रेस्क्यू करती हैं. चुटकी बजाकर सांप का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करना और फिर सावधानीपूर्वक उसे पकड़कर जंगल में छोड़ देना उनकी विशेष पहचान रही है.
बताया जाता है कि पिछले कुछ वर्षों में वह करीब 2,000 सांपों का सफल रेस्क्यू कर चुकी हैं. घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर सांप निकलने की सूचना मिलते ही लोग सबसे पहले उन्हें ही बुलाते थे. उनकी सूझबूझ और साहस से कई संभावित हादसे टल चुके हैं.
क्षेत्र में दुआओं का दौर
इस घटना के बाद पूरे वाल्मीकिनगर क्षेत्र में चिंता का माहौल है. स्थानीय लोग और सामाजिक संगठनों के सदस्य उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. लंबे समय से वन्यजीव संरक्षण और लोगों की सुरक्षा के लिए उनके योगदान की क्षेत्र में व्यापक सराहना होती रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए