नौतन में गंडक नहर का बांध टूटने के बाद अधिकारियों ने किया निरीक्षण, मरम्मत कार्य तेज
टूटे नहर का निरीक्षण करते विभागीय अधिकारी
नौतन के बैकुंठवा में गंडक नहर का बांध सिपेज के कारण टूट गया, जिससे धान की फसलें जलमग्न हो गईं और आवागमन बाधित हुआ. अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर मरम्मत कार्य तेज करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.
West Champaran News: नौतन अंचल क्षेत्र के बैकुंठवा स्थित गंडक नहर के 31 आरडी पर मंगलवार की रात सिपेज के कारण बांध टूट गया था. इससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और आसपास के कई एकड़ में लगी धान की फसल जलमग्न हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तत्काल मिट्टी डलवाकर आवागमन बहाल कराया. गुरुवार को गंडक नहर प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार और कार्यपालक अभियंता देवांश कुमार ने क्षतिग्रस्त स्थल का निरीक्षण किया.
Nautan News: टूटे बांध का अधिकारियों ने लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बांध के क्षतिग्रस्त हिस्से का विस्तृत निरीक्षण किया. अधीक्षण अभियंता ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य पूरी मजबूती और गुणवत्ता के साथ कराया जाए, ताकि भविष्य में पानी के दबाव से दोबारा बांध नहीं टूटे.
आवागमन बहाल करने के लिए तत्काल कार्रवाई
गंडक नहर प्रमंडल के एसडीओ प्रभात रंजन ने बताया कि बांध टूटने के बाद तत्काल मिट्टी डलवाकर सड़क पर आवागमन बहाल कराया गया. विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और स्थायी मरम्मत का कार्य भी जारी है.
चौकीदारों को सतर्क रहने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नहर चौकीदारों को नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार के रिसाव या क्षति की सूचना तुरंत विभाग को देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए.
धान की फसल को हुआ नुकसान
बांध टूटने से आसपास के खेतों में पानी भर गया, जिससे कई एकड़ में लगी धान की फसल प्रभावित हुई. स्थानीय किसानों ने जल्द स्थायी मरम्मत की मांग करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था करने की अपील की.
.यह भी पढ़ें:10वीं-12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, 29 हजार रुपये तक मिलेगी सैलरी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए