नरकटियागंज के निजी स्कूलों के 1414 बच्चों का आधार अपडेट नहीं, सहयोग शिविर में सामने आई समस्या
सहयोग शिविर मेंशिकायत सुनती सभापति
नगर परिषद कार्यालय में आयोजित सहयोग शिविर में बेतिया के निजी स्कूलों के 1414 बच्चों के अपार कार्ड न बन पाने की गंभीर समस्या सामने आई है. आधार कार्ड में त्रुटियां या अपडेट न होने के कारण बच्चों का भविष्य अधर में लटक रहा है.
Bettiah News: नगर परिषद कार्यालय में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान एक बड़ी समस्या सामने आई. नगर क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक निजी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 1414 बच्चों का आधार कार्ड अपडेट नहीं होने के कारण उनका अपार (APAAR) कार्ड नहीं बन पा रहा है.
शिविर में पहुंचे अभिभावकों ने भी आधार कार्ड से जुड़ी कई समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं.
महिलाओं ने रखी बच्चों के आधार की समस्या
वार्ड संख्या 9, 10, 11 और 12 की महिलाओं ने नगर परिषद की सभापति रीना देवी से शिकायत की कि कई बच्चों का आधार कार्ड अब तक नहीं बना है, जबकि कई के आधार में त्रुटियां हैं.
इस पर सभापति ने कहा कि सरकार की ओर से लगाए गए सहयोग शिविर का उद्देश्य ही ऐसी समस्याओं का समाधान करना है. उन्होंने अभिभावकों से आवेदन देने को कहा और भरोसा दिलाया कि सभी पात्र बच्चों का आधार कार्ड बनवाया या अपडेट कराया जाएगा.
स्कूल संचालकों ने भी दी जानकारी
सभापति रीना देवी ने बताया कि नगर के निजी विद्यालयों के संचालकों ने भी जानकारी दी है कि करीब 1414 बच्चों का आधार अपडेट नहीं होने के कारण उनका अपार कार्ड नहीं बन सका है.
उन्होंने अधिकारियों को इस समस्या के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
कई योजनाओं से जुड़े आवेदन भी पहुंचे
सहयोग शिविर में शारदा देवी, तरन्नुम नेशा, कलावती देवी और संध्या कुमारी समेत कई लोगों ने आवेदन दिए. इन मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
सभापति ने बताया कि शिविर में प्रधानमंत्री आवास, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, नाली-गली, सड़क निर्माण, स्वच्छता, नल-जल और स्ट्रीट लाइट जैसी योजनाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए.
कई अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में उपसभापति पूनम देवी, स्वच्छता पदाधिकारी रवि कुमार सिंह, टाउन प्लानर मोहम्मद वसीम, नितेश कुमार, मुकेश कुमार, जयप्रकाश चौरसिया, राजेश कुमार, पंकज कुमार राम और जी. कुशवाहा समेत नगर परिषद के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए