नदी में नहाने के दौरान डूबने से किशोर की मौत, मूर्ति विसर्जन में जाने की बात कहकर घर से निकला था
पश्चिमी चंपारण के नरकटियागंज में धूमनगर रेलवे लाइन के पास हड़बोड़ा नदी में नहाने के दौरान 16 वर्षीय किशोर गोलू कुमार की डूबकर मौत हो गई. गोताखोरों ने छह घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया.
पश्चिमी चंपारण: नरकटियागंज के धूमनगर रेलवे लाइन के समीप हड़बोड़ा नदी में मंगलवार को नहाने के दौरान डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान नगर के वार्ड संख्या सात, शिवगंज निवासी राधेश्याम प्रसाद के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि गोलू मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मूर्ति विसर्जन में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था. इसके बाद वह हड़बोड़ा नदी के पास पहुंचा और अकेले नहाने लगा. इसी दौरान नदी किनारे बकरी चरा रहीं महिलाओं ने उसे डूबते देखा. महिलाओं ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी.
छह घंटे तक नदी में चला तलाश अभियान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गोताखोर मौके पर पहुंचे. इसके बाद नदी में गोलू की तलाश शुरू की गयी. कई घंटे तक लगातार तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका. करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद शाम छह बजे गोताखोरों ने गोलू का शव बरामद किया.
वार्ड पार्षद मोहम्मद हसनैन ने बताया कि गोलू राधेश्याम प्रसाद का पुत्र था. परिजनों के अनुसार, उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी.

पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
घटना की सूचना पर राजस्व अधिकारी अशोक कुमार तथा शिकारपुर थाना के एसआइ जय भगवान और विनोद कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की.
घटना की जानकारी मिलते ही उपसभापति प्रतिनिधि संतोष राज, पार्षद कृष्णा प्रसाद, देवीलाल और पार्षद प्रतिनिधि बड़ेलाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे.
बेटे का शव देखते ही रो पड़े पिता
गोलू का शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के बाद उसके पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे.
यह भी पढ़ें
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए