एक ट्रांसफार्मर पर 300 घरों का बोझ, महीने में चार बार जला; उमस भरी गर्मी में अंधेरे में परसौनी के लोग
जला ट्रांसफार्मर
लौरिया के साठी पंचायत स्थित परसौनी वार्ड-2 में एक माह में चार बार ट्रांसफार्मर जलने से ग्रामीण परेशान हैं. 300 घरों का लोड एक ट्रांसफार्मर पर है. विभाग ने अक्टूबर में दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने का भरोसा दिया है.
पश्चिम चंपारण न्यूज: लौरिया प्रखंड के साठी पंचायत अंतर्गत परसौनी गांव के वार्ड नंबर-2 में बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर बार-बार जलने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है. एक माह के भीतर ट्रांसफार्मर चार बार जल चुका है. ट्रांसफार्मर जलने और उसे बदलने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति आक्रोश है. रविवार की रात से ट्रांसफार्मर जल जाने के बाद उमस भरी गर्मी में लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है.
300 घरों का भार, बार-बार जल रहा ट्रांसफार्मर
ग्रामीणों के अनुसार परसौनी गांव दो टोला में बंटा है, जहां करीब 2000 की आबादी है. गांव में दो ट्रांसफार्मर लगे हैं, लेकिन वार्ड नंबर-2 में एक ही ट्रांसफार्मर पर करीब 300 घरों का कनेक्शन है. अधिक लोड के कारण यह ट्रांसफार्मर बार-बार जल रहा है. ग्रामीण मंजूर खान, यासीन खान, बृज किशोर ठाकुर, मीर नजाम, मंजूर मियां, रजनीकांत यादव, जीउत शर्मा, शेख अल्तमस, शेख मिस्टर, भावी मुखिया अफताब आलम समेत अन्य ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले ही नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था. लेकिन 13 सितंबर की रात वह भी जल गया. इसके बाद से गांव में बिजली आपूर्ति बाधित है.
बच्चों की पढ़ाई से लेकर पानी तक की समस्या
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से सबसे अधिक परेशानी बच्चों को हो रही है. रात में पढ़ाई प्रभावित हो रही है. वहीं बिजली से चलने वाले मोटर बंद रहने के कारण पीने के पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गयी है. उमस भरी गर्मी में रात गुजारना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार ट्रांसफार्मर बदलने के बजाय विभाग को स्थायी समाधान करना चाहिए.
जल्द लगेगा दूसरा ट्रांसफार्मर: अभियंता
इस संबंध में अनुमंडल विद्युत अभियंता, रामनगर अभिषेक प्रेम ने दूरभाष पर बताया कि परसौनी में ट्रांसफार्मर के बार-बार जलने की सूचना मिली है. लोड अधिक होने के कारण समस्या सामने आ रही है. अक्टूबर में वहां एक और ट्रांसफार्मर लगाने की योजना है, जिससे लोड का बंटवारा किया जा सके. वहीं धर्मपुर फीडर के जेई संजय कुमार शर्मा ने बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मर की जगह मंगलवार की शाम तक नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जायेगा. अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के लिए विभाग को लिखा गया है. जगह का चयन कर अक्टूबर तक दूसरा ट्रांसफार्मर भी लगवाया जायेगा. इससे दोनों ट्रांसफार्मरों पर लोड का बंटवारा हो सकेगा और बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए