9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए बड़ा ऐलान, अब 24 घंटे मुफ्त मिलेगा शिक्षक का साथ
जिला शिक्षा अधिकारी राजन कुमार
बिहार के सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए 'विद्या साथी' कार्यक्रम शुरू हो रहा है. इस पहल के तहत, छात्र 'फिलो ऐप' के माध्यम से सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे मुफ्त लाइव ट्यूटर और विषय विशेषज्ञों से जुड़ सकेंगे.
Bettiah News: बेतिया. पश्चिम चंपारण समेत राज्य के सरकारी विद्यालयों में 9वीं से 12वीं तक पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल शुरू की जा रही है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों में ‘विद्या साथी’ कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी पूरी कर ली गयी है. इसके तहत विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान डिजिटल माध्यम से पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा. ‘फिलो ऐप’ के माध्यम से छात्र सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे लाइव ट्यूटर और विषय विशेषज्ञों से जुड़ सकेंगे.
आपके शहर में
24 घंटे लाइव ट्यूटर से पढ़ाई का मिलेगा मौका
‘विद्या साथी’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को किसी भी समय लाइव ट्यूटर और विषय विशेषज्ञों से जुड़कर अपनी पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछने की सुविधा मिलेगी. छात्र अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार शिक्षकों का चयन कर सकेंगे.
पढ़ाई के दौरान आने वाली कठिनाइयों का समाधान भी डिजिटल माध्यम से कराया जाएगा. इससे विद्यार्थियों को विषयों को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी.
फ्री में मिलेंगे नोट्स, पुराने प्रश्न-पत्र और क्वेश्चन बैंक
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को प्रत्येक अध्याय के विस्तृत नोट्स, पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्र और क्वेश्चन बैंक भी नि:शुल्क उपलब्ध कराये जाएंगे.
डिजिटल माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत कम होगी. इससे महंगी कोचिंग पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
मॉडल स्कूलों में होगा लाइव डिमॉन्स्ट्रेशन
जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार ने बताया कि योजना को प्रभावी और छात्रोपयोगी बनाने के लिए लक्षित विद्यालयों में लाइव डिमॉन्स्ट्रेशन कराया जाएगा. इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को ऐप के इस्तेमाल और इसमें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी.
पश्चिम चंपारण समेत राज्य के सभी 38 जिलों में जिला नोडल समन्वयकों की तैनाती कर दी गयी है. ये समन्वयक संबंधित विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को ‘विद्या साथी’ की सुविधाओं की जानकारी देंगे.
शुल्क लेने की शिकायत पर होगी कार्रवाई
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि योजना का सफल और पारदर्शी संचालन जिला शिक्षा पदाधिकारी के सीधे उत्तरदायित्व में होगा.
‘विद्या साथी’ की पूरी सेवा विद्यार्थियों के लिए शत-प्रतिशत नि:शुल्क होगी. किसी भी स्तर पर शुल्क लेने या उगाही की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: नहर की जमीन पर कब्जा पड़ा भारी, विभाग ने दिया 3 दिन का अल्टीमेटम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए