पश्चिम चंपारण के नवलपुर में श्राद्धभोज से लौटने के दौरान लापता व्यक्ति का नदी में मिला शव, पुल नहीं होने पर भड़के ग्रामीण

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पश्चिम चंपारण के नवलपुर में हरहा नदी में डूबने से 45 वर्षीय मैनेजर मुखिया की मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि पुल नहीं होने के कारण वह नदी तैरकर पार कर घर लौट रहे थे, तभी गहरे पानी में डूब गये. सुबह नदी में शव मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और हरहा नदी पर जल्द पुल निर्माण की मांग उठायी गयी है.

विज्ञापन

पश्चिम चंपारण न्यूज: जिले के नवलपुर थाना क्षेत्र के कौलापुर वार्ड नंबर 15 निवासी 45 वर्षीय मैनेजर मुखिया की बुधवार की रात हरहा नदी में डूबने से मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि वह श्राद्ध कार्य का भोज खाने के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूब गये. घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह उस समय हुई, जब ग्रामीणों ने नदी में उनका शव देखा. इसके बाद गांव में मातम छा गया.

विज्ञापन

सुबह नदी में मिला शव

ग्रामीणों के अनुसार, मैनेजर मुखिया बुधवार की रात श्राद्ध भोज में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे. नदी पार करने के दौरान वह गहरे पानी में चले गये और डूब गये. गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने नदी में शव देखा. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकाला. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया.

मछली पकड़कर परिवार का करते थे भरण-पोषण

ग्रामीणों ने बताया कि मैनेजर मुखिया हरहा नदी में मछली पकड़कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. वह अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गये हैं. उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

करीब 80 परिवारों के लिए पुल जरूरी

ग्रामीणों के अनुसार, बलुआ नेवाज राय के करीब 80 परिवार खेती के लिए हरहा नदी के दूसरी ओर आते-जाते हैं. खेती और रोजमर्रा के जरूरी काम के लिए लोगों को नदी पार करनी पड़ती है. बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण आवागमन और भी खतरनाक हो जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर पुल नहीं होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है.

दो थानों की पुलिस ने संभाला मामला

हरहा नदी का इलाका नवलपुर और योगापट्टी थाना क्षेत्र की सीमा से जुड़ा है. घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है.

घटनास्थल पर उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network
पुल नहीं होने पर विरोध जताते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

पुल नहीं होने पर ग्रामीणों में आक्रोश

मैनेजर मुखिया की मौत के बाद हरहा नदी पर पुल नहीं होने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीण संदीप कुमार मुखिया, भोला ठाकुर, भुटकुन चौधरी, अमर ठाकुर, मेधा चौधरी, हीरा ठाकुर समेत अन्य लोगों ने कहा कि यदि हरहा नदी पर पुल बना होता तो मैनेजर मुखिया को नदी पार करने की मजबूरी नहीं होती. ग्रामीणों ने कहा कि बरसात में नदी पार करना बेहद जोखिम भरा हो जाता है.

सांसद-विधायक से मिल चुका है पुल का आश्वासन

ग्रामीणों ने बताया कि सांसद सुनील कुमार और विधायक विनय बिहारी की ओर से हरहा नदी पर पुल बनवाने का आश्वासन पहले दिया गया था. इसके बावजूद अब तक पुल का निर्माण नहीं हो सका है. ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

घटनास्थल पर उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network
घटनास्थल पर उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network

गांव में शोक का माहौल

मैनेजर मुखिया की मौत के बाद कौलापुर समेत आसपास के गांवों में शोक का माहौल है. वहीं, ग्रामीणों ने हरहा नदी पर पुल निर्माण की मांग को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन