बाइक सीखने की जिद बनी जिंदगी की आखिरी सवारी, पुल से टकराई बाइक और चली गई 15 साल के रजनीश की जान
15 साल के रजनीश कुमार की बाइक सीखते हुए मौत हो गई. डबरिया गांव में अनियंत्रित बाइक पुल से टकरा गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना घर में मातम लेकर आई है.
पश्चिम चंपारण न्यूज: बाइक चलाना सीखने की चाहत 15 साल के रजनीश कुमार के लिए आखिरी सफर बन गयी. गुरुवार की दोपहर नौतन थाना क्षेत्र के डबरिया गांव में बाइक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गयी. हादसे में रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के लिए बेतिया ले जाने के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गयी और चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. किशोर की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गयी.
घर से बिना बताए निकला था किशोर
मृतक की पहचान डबरिया वार्ड नंबर 4 निवासी बिनोद चौधरी के 15 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, रजनीश गुरुवार को घर से बिना बताए निकला था. रास्ते में वह एक परिचित की बाइक पर बैठ गया. कुछ दूर जाने के बाद उसने बाइक चालक को नीचे उतार दिया और खुद बाइक चलाकर सीखने लगा. इसी दौरान डबरिया पुल के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गयी. देखते ही देखते बाइक पुल से जा टकरायी. टक्कर के बाद रजनीश सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
पहले नौतन, फिर बेतिया ले गये परिजन
स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे. घायल रजनीश को तत्काल नौतन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेतिया रेफर कर दिया. परिजन उसे लेकर बेतिया पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक किसी प्रकार का आवेदन या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए