बेतिया अंचल कार्यालय में दो पक्षों के बीच मारपीट, डायल 112 पहुंची तो एक युवक हिरासत में
बेतिया अंचल कर्यालय
बेतिया अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज की सुनवाई के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई. राजस्व अधिकारी के कक्ष में हुई इस झड़प के बाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है. प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं.
Bettiah News: बेतिया अंचल कार्यालय में सोमवार को दाखिल-खारिज आवेदन पर आपत्ति की सुनवाई के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी. विवाद इतना बढ़ गया कि राजस्व पदाधिकारी प्रियंका के कक्ष में ही दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गये. अचानक हुई हाथापाई से अंचल कार्यालय में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गयी.
मामले की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने लक्ष्मण कुमार को हिरासत में लेकर मुफस्सिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करते हुए अंचल अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है और कार्यालय में लगे CCTV फुटेज की भी जांच करायी जा रही है.
दाखिल-खारिज की आपत्ति पर चल रही थी सुनवाई
जानकारी के अनुसार बरवत पासराइन निवासी लक्ष्मण कुमार की मां बिंदु देवी के नाम से दाखिल-खारिज का आवेदन अंचल कार्यालय में दिया गया था. कर्मचारी की रिपोर्ट के आधार पर आवेदन को लेकर आम सूचना प्रकाशित की गयी थी.
इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से आवेदन पर आपत्ति दर्ज करायी गयी. आपत्ति के बाद मामले की करीब दो माह से सुनवाई चल रही थी. सोमवार को इसी मामले में राजस्व पदाधिकारी प्रियंका के कक्ष में दोनों पक्षों की मौजूदगी में सुनवाई हो रही थी.
राजस्व पदाधिकारी के कक्ष में ही भिड़े दोनों पक्ष
सुनवाई के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोग आपस में उलझ गये. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गयी और राजस्व पदाधिकारी के कक्ष में ही हाथापाई शुरू हो गयी.
अचानक हुए विवाद से कार्यालय में मौजूद कर्मियों और अन्य लोगों के बीच हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया.
इस दौरान कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आने की बात सामने आयी है. हालांकि, घायलों की संख्या और चोट की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आयी है.
डायल 112 पहुंची, एक युवक हिरासत में
मारपीट की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गयी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम अंचल कार्यालय पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
पुलिस ने लक्ष्मण कुमार को हिरासत में लेकर मुफस्सिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटा रही है.
सीओ से मांगी गयी रिपोर्ट, CCTV फुटेज की होगी जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. अपर समाहर्ता राजीव रंजन ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और अंचल अधिकारी से पूरे मामले का प्रतिवेदन मांगा गया है.
उन्होंने बताया कि अंचल कार्यालय में लगे CCTV कैमरों के फुटेज के साथ उपलब्ध अन्य वीडियो फुटेज भी मांगे गये हैं. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए