बेतिया के लालगढ़ में दिनदहाड़े कत्ल से सनसनी, धारदार हथियार से 17 वर्षीय युवक की हत्या, चचेरा भाई लहूलुहान
शव का पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजन एवं पुलिस | Prabhat Khabar Network
बेतिया के लालगढ़ में दिनदहाड़े ऐसा क्या हुआ कि 17 वर्षीय सूरज की जान चली गयी? धारदार हथियार से हुए हमले में उसका चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल है. एक युवक हिरासत में है और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये हैं. आखिर हमले की वजह क्या थी? जानिए पूरी कहानी.
बेतिया क्राइम न्यूज: बेतिया के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लालगढ़ में सोमवार की दोपहर दिनदहाड़े हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गयी. पूर्व विवाद को लेकर हथियारों से लैस हमलावरों ने दो चचेरे भाइयों पर हमला कर दिया. तेज धारदार हथियार से किए गए हमले में 17 वर्षीय सूरज जायसवाल की मौत हो गयी, जबकि उसका चचेरा भाई शिवम जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गया. शिवम का इलाज जीएमसीएच, बेतिया में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है.
लालगढ़ के ही रहने वाला था सूरज
मृतक की पहचान लालगढ़ निवासी राजू जायसवाल के पुत्र सूरज जायसवाल के रूप में हुई है. वहीं घायल शिवम जायसवाल सुनील जायसवाल का पुत्र है. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गये. दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
पूर्व विवाद को लेकर हमले का आरोप
मृतक के चचेरे भाई दिव्यांशु ने बताया कि पड़ोस के दीपक पटेल से पूर्व से विवाद चल रहा था. सोमवार दोपहर सूरज और शिवम घर से कुछ दूरी पर मौजूद थे. इसी दौरान दीपक अपने कुछ सहयोगियों के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि सभी हरवे-हथियार से लैस थे. देखते ही देखते दोनों युवकों पर हमला कर दिया गया.
ताबड़तोड़ प्रहार कर ले ली जान
हमलावरों ने सूरज पर तेज धारदार हथियार से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया. गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं शिवम को भी हमलावरों ने निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी और उसके सहयोगी मौके से फरार हो गये.

पुलिस पहुंची, एक युवक हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस लालगढ़ पहुंची और मामले की जांच शुरू की. प्रभारी थानाध्यक्ष कंचन भास्कर ने बताया कि मामले में संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है.
एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया. टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किये हैं. पुलिस हमले के पीछे के कारणों, पूर्व विवाद और घटना में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. इधर, सूरज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए