अपहरण का मामला निकला कुछ और, जयपुर में मजदूरी करता मिला महेश यादव
अपहरण का मामला निकला कुछ और, जयपुर में मजदूरी करता मिला महेश यादव
नवलपुर थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. महेश यादव, जिनका अपहरण की शिकायत की गई थी, राजस्थान के जयपुर में मजदूरी करते हुए मिले. पुलिस ने उन्हें बरामद कर लिया है और पूछताछ जारी है.
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के नवलपुर थाना क्षेत्र में दर्ज कथित अपहरण के मामले में मंगलवार को बड़ा खुलासा हुआ. जिस महेश यादव के अपहरण की शिकायत उनकी पत्नी ने थाने में दर्ज कराई थी, वह राजस्थान के जयपुर में मजदूरी करते हुए सकुशल मिला. पुलिस उसे बरामद कर पश्चिम चंपारण ले आई है. अब मामले में पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया जारी है.
पत्नी ने दर्ज कराई थी अपहरण की प्राथमिकी
करीब दो सप्ताह पहले महेश यादव की पत्नी रीमा देवी ने सेमरी निवासी राजकिशोर शर्मा समेत तीन लोगों के खिलाफ नवलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. आवेदन में जमीन विवाद का हवाला देते हुए पति के अपहरण की आशंका जताई गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की.
जांच में नहीं मिली अपहरण की पुष्टि
पुलिस ने जांच के दौरान नामजद आरोपियों से पूछताछ की. एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई, लेकिन अपहरण के आरोप की पुष्टि नहीं होने पर उसे छोड़ दिया गया. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि महेश यादव राजस्थान के जयपुर में एक निर्माणाधीन भवन में मजदूरी कर रहे हैं.
जयपुर से सकुशल बरामद किया गया
सूचना मिलते ही नवलपुर थाना की पुलिस टीम जयपुर पहुंची और महेश यादव को सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद उन्हें पश्चिम चंपारण लाया गया. फिलहाल पुलिस उनसे पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है.
क्या बोले थानाध्यक्ष?
नवलपुर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि बरामद व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए